फतेहाबाद। सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग शीतकालीन एडवेंचर शिविर में भेज रहा है। चार दिन के इस कैंप में विद्यार्थी अलग-अलग गतिविधियों में भाग लेंगे। ऑनलाइन आवेदन करने का सोमवार अंतिम दिन है।
शिक्षा विभाग ने एडवेंचर शिविर में जाने के लिए विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। मेरिट के आधार पर शिक्षा विभाग विद्यार्थियों का चयन करेगा। शिविर में आरोही और मॉडल संस्कृति स्कूलों में पढ़ रहे कक्षा छठी से बारहवीं तक पढ़ रहे विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की तरफ से जारी हुए निर्देशों के मुताबिक प्रदेश से तीन अलग-अलग बैच में विद्यार्थी इस कैंप में भाग लेंगे।
फतेहाबाद जिले के विद्यार्थी तीसरे बैच यानि 23 नवंबर को रवाना होंगे। इसमें फतेहाबाद के अलावा चरखी दादरी, नूंह, पलवल, रोहतक और सोनीपत के विद्यार्थी भी भाग लेंगे। 23 नवंबर को विद्यार्थियों को पंचकूला पहुंचना है और फिर यहां से अगले दिन मनाली पहुंचेंगे।
- कैंप में इन गतिविधियों में विद्यार्थी लेंगे भाग
शीतकालीन एडवेंचर कैंप में विद्यार्थी ट्रैकिंग, जिप लेन, पहाड़ पर चढ़ना, नदी पार करना, रैपलिंग, राइफल शूटिंग, पिस्तौल शूटिंग, पर्यावरण शिक्षा, लाइफ स्किल, सांस्कृतिक प्रतियोगिता आदि गतिविधियों में भाग लेंगे।
- चहेते विद्यार्थी नहीं जा सकेंगे, मांगे ऑनलाइन आवेदन
शिक्षा विभाग के अधिकारियों की माने तो शिविर में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। प्रत्येक जिले से 20 विद्यार्थी और दो शिक्षक भाग लेंगे। पहले स्थानीय स्तर पर ही विद्यार्थियों की सूची तय करके निदेशालय को भेज दी जाती थी। लेकिन अब मेरिट आधार पर निदेशालय ही विद्यार्थियों का चयन करेगा।
- मनाली में एडवेंचर शिविर लगने जा रहा है। जिसमें अलग-अलग जिलों से विद्यार्थी भाग लेंगे। इसको लेकर तीन चरणों में विद्यार्थियों को भेजा जा रहा है। पहले चरण में 8, दूसरे में भी 8 और तीसरे में 6 जिलों के विद्यार्थी जाएंगे। - संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी, फतेहाबाद।