फतेहाबाद। शिक्षा विभाग आज से छात्र मूल्यांकन परीक्षाएं शुरू करने जा रही है। प्राइमरी कक्षाओं को छोड़कर मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी कक्षा के विद्यार्थियों की एक दिन में दो पेपर लिए जाएंगे। दो दिसंबर तक ये परीक्षाएं होंगी। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों की तैयारी अधूरी है। जिले के करीब 60 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
शिक्षा विभाग द्वारा पहले ट्रांसफर ड्राइव में शिक्षकों के तबादले कर दिए गए और अब एक माह से शिक्षक पंचायत चुनाव में उलझे रहे। विद्यार्थी बिना सिलेबस पूरा किए ये परीक्षा देंगे। अहम बात यह है कि एक दिन में परीक्षाओं के चलते विद्यार्थी भी दबाव में है। जिले में शिक्षा विभाग ने परीक्षा को लेकर डेटशीट पहले ही जारी कर रखी है। जारी डेटशीट के अनुसार परीक्षाएं 28 नवंबर से शुरू होंगी और 2 दिसंबर तक चलेगी। कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों की परीक्षाएं सुबह और फिर आधी छुट्टी के बाद ली जाएंगी।
यानी एक दिन में दो-दो पेपर देने होंगे। पहले दिन कक्षा कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं की परीक्षा होगी। कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थी सुबह के सत्र में अंग्रेजी और आधी छुट्टी के बाद इक्नोमिक्स की परीक्षा देंगे। इसके अलावा कक्षा बारहवीं के विद्यार्थी सुबह गणित, राजनीतिक विज्ञान और दोपहर बाद संस्कृत व पंजाबी विषय की परीक्षा देंगे। बता दें कि छात्र मूल्यांकन परीक्षाएं पहले शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों की ली जाती थी। लेकिन पिछले डेढ़ साल से प्राइमरी कक्षा के विद्यार्थियों की सेट परीक्षाएं बंद है। जबकि कोरोना काल में परीक्षाएं ली गई थी।
जिले में ये विद्यार्थियों की संख्या
कक्षा विद्यार्थी
छठी 11015
सातवीं 10691
आठवीं 9834
नौवीं 0952
दसवीं 8025
ग्यारहवीं 4534
बारहवीं 7806
कोट
छात्र मूल्यांकन परीक्षा प्राइमरी कक्षा के विद्यार्थियों की भी होनी चाहिए। इससे विद्यार्थियों के स्तर का पता चलता है। लेकिन पिछले डेढ़ साल से ये परीक्षाएं बंद है। शिक्षा विभाग को ये परीक्षाएं दोबारा शुरू करनी चाहिए।
-सुरेंद्रपाल नैन, जिला प्रधान, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ
कोट
शिक्षा विभाग द्वारा छात्र मूल्यांकन परीक्षाएं सोमवार से ली जा रही है। खंड स्तर से स्कूलों को प्रश्न पत्र जारी होंगे। परीक्षा को लेकर स्कूलों को आदेश जारी हो रखे हैं।
-दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी