फतेहाबाद। कंप्यूटर प्राेफेशनल की हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। फतेहाबाद, रतिया व टोहाना के ई-दिशा केंद्रों में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर पंचकूला के लिए रवाना हो गए। यहां पर वह सीएम से मिलेंगे। वहीं हड़ताल के चलते ई-दिशा केंद्र सुनसान दिखाई दिए और दूर-दराज से आए लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ की ओर से मंगलवार को भी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल रखी गई। फतेहाबाद, रतिया व टोहाना के सभी ई-दिशा केंद्र सुनसान बने हुए थे और कुर्सियां व डेस्क खाली रहे। सबसे अधिक परेशानी रजिस्ट्री करवाने, आरसी व डीएल बनवाने वाले लोगों को हुई है। ई-दिशा केंद्र बिल्कुल खाली रहा है। इसके अलावा रतिया व टोहाना के ई-दिशा केंद्रों में भी काम ठप रहे। लोग काम करवाने के लिए आ तो रहे हैं, लेकिन किसी भी कर्मचारी के न मिलने के कारण उनको बैरंग लौटना पड़ा। ई-दिशा केंद्रों में हड़ताल के चलते करीब एक हजार लोगों के काम अटके रहे। 100 के करीब रजिस्टि्रयां, 145 डीएल, 100 आरसी, 200 लोन के कागजात, विधवा पेंशन के कागजात, 150 के करीब फर्द, 150 के करीब लोन के कागजात, रिहायशी प्रमाण पत्र के 200, आरटीओ कार्यालय से संबंधित 80 काम रुके रहे।
कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के राज्य उपप्रधान सुखविंद्र सिंह व जिला अध्यक्ष देवीलाल ने बताया कि कंप्यूटर प्रोफेशन संघ लगातार लंबे समय से अपनी मांगों के लिए संघर्षरत है। 11 सितंबर 2019 को भारतीय मजदूर संघ के साथ मुख्यमंत्री मनोहरलाल की अध्यक्षता में सेवा नियम की सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद अब 4 साल से इस पर कोई काम नहीं हुआ है। इसी के विरोध में 9 दिसंबर से 12 दिसंबर तक हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया गया था। अगर इसके बाद भी मांगों को नहीं माना गया तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनकी मांग है कि डीआईटीएस का केंद्रीयकरण कर बजट का प्रावधान किया जाए। सभी कार्यरत कर्मचारियों के पद सृजित किए जाएं। एचकेआरएनएल में भेजे गए सभी कर्मचारियों को वापस डीआईटीएस में समायोजित किया जाए। 58 साल तक सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए, डीआईटीएस में कार्यरत कर्मचारियों को कैटेगरी, पद व योग्यता के अनुसार समान काम समान वेतन का लाभ दिया जाए, पदोन्नति का लाभ दिया जाए।
फतेहाबाद से कंप्यूटर प्रोफेशनल ने किया पंचकूला कूच
फतेहाबाद में मंगलवार को ई-दिशा में कार्यरत कंप्यूटर प्रोफेशनल पंचकूला के लिए कूच कर गए। जिला अध्यक्ष देवीलाल ने बताया कि सभी कंप्यूटर प्रोफेशनल पहले पंचकूला के सेक्टर-5 में एकत्रित होंगे, इसके बाद सभी मिलकर मुख्यमंत्री को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया जाएगा।
-
मैं जमीन की फर्द निकलवाने के लिए सोमवार को आया था और आज फिर दोबारा आया हुं। मुझे ई-दिशा केंद्र में पहुंचने के बाद पत्ता चला कि आज भी हड़ताल है। अब बुधवार को फिर दोबारा आना पड़ेगा।
-नरवेर सिंह, निवासी, भिरड़ाना
-
मैं फतेहाबाद के लघु सचिवालय के कई दिनों से चक्कर लगा रहा हूं। मेरी सभी कागजातों में उम्र 63 वर्ष है, लेकिन फिर भी मेरी पेंशन नहीं बन रही है। जिसके लिए मैं फतेहाबाद के लघु सचिवालय में आया था, लेकिन मुझे यहां पहुंचने के बाद पता लगा कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल चल रही है।
-जयसिंह, निवासी, खाराखेड़ी
मैं फतेहाबाद के लघु सचिवालय में जमीन की जमाबंदी की नकल निकवाने के लिए 25 किलोमीटर दूर गांव ढाणी सांचला से आया हूं। मुझे यहां आने के बाद पता चला कि हड़ताल चल रही है। इस कारण मुझे कल फिर आना पड़ेगा।
-छोटूराम, निवासी, ढाणी सांचला