फतेहाबाद। जिले में गेहूं की खरीद प्रक्रिया जारी है लेकिन आवक कम होने के बावजूद उठान की रफ्तार अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी है। अब तक कुल खरीद की केवल 62 प्रतिशत ही उठान हो पाई है। धीमी प्रगति को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने चार खरीद एजेंसियों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
बुधवार को डीसी डॉ. विवेक भारती ने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर गेहूं उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी माइक्रो मैनेजमेंट के साथ कार्य करें ताकि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीसी ने स्पष्ट किया कि खरीद केंद्रों से गेहूं का समयबद्ध उठान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त ट्रकों की व्यवस्था भी की जाए ताकि उठान प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। बैठक में डीएफएससी कुशल बूरा, हैफेड जीएम मांगेराम बेनीवाल मौजूद रहे।