सुंदर नगर की गली में भरा पानी। संवाद
टोहाना। दमकोरा रोड स्थित सुंदर नगर कॉलोनी में रॉयल गार्डन के पीछे गैस एजेंसी के पास करीब 400 से 500 मीटर लंबी गली 25 वर्षों से पक्की सड़क और सीवरेज की सुविधा से वंचित है। कॉलोनी की अन्य गलियों में सड़कें बनने और पानी की सप्लाई होने के बावजूद यहां के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है।
समाजसेवी नवजोत सिंह ढिल्लों, मनजीत, शंकर, हरदीप और धर्मवीर ने बताया कि सीवरेज लाइन और उचित जलनिकासी नहीं होने से गली में अक्सर जलभराव रहता है। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। गंदा पानी घरों में घुसने से लोगों को परेशानी होती है और जनजीवन प्रभावित होता है।
उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों और प्रशासन को कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द सीवरेज लाइन बिछाने और पक्की सड़क बनवाने की मांग की है। उनका कहना है कि स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था होने से जलभराव और गंदगी से राहत मिलेगी।