रेलवे द्वारा उच्चा किए जा रहे ओवर ब्रिज का दृश्यसंवाद
जाखल। रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य में हो रही देरी के विरोध में गठित 15 सदस्यीय संघर्ष समिति मंगलवार को टोहाना स्थित एसडीएम कार्यालय में बैठक करेगी। बैठक में निर्माण कार्य की मौजूदा स्थिति की समीक्षा कर आंदोलन के अगले चरण पर फैसला लिया जाएगा।
31 जुलाई को रेलवे ओवरब्रिज के नीचे किसानों, व्यापारियों, आढ़तियों, राइस मिल संचालकों, कर्मचारियों और क्षेत्र के अन्य लोगों ने संयुक्त धरना देकर निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग उठाई थी। इसी दौरान आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए 15 सदस्यीय संघर्ष समिति का गठन किया गया था। समिति ने पहले ही 4 अगस्त को बैठक कर आगामी रणनीति तय करने का निर्णय लिया था।
बैठक में प्रशासन, रेलवे और संबंधित विभागों की ओर से निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए किए गए प्रयासों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि इन प्रयासों का धरातल पर कितना असर हुआ है। किसान संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि 5 अगस्त तक निर्माण कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं होती है तो 6 अगस्त से आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
किसान नेताओं का कहना है कि आरओबी लंबे समय से अधूरा पड़ा है जिससे किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। किसान नेता लाभ सिंह ने बताया कि मंगलवार को एसडीएम के साथ बैठक में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि बैठक में कोई समाधान नहीं निकलता है तो किसान संगठन दोबारा बैठक कर बड़ा निर्णय लेंगे।