टोहाना। क्षेत्र में मंगलवार रात आई आंधी और बारिश ने राइस शेलर उद्योग को बड़ा झटका दिया है। तेज हवाओं के कारण गुरु कृपा एग्रो इंडस्ट्रीज, विजय एग्रो इंडस्ट्रीज और रिद्धि-सिद्धि राइस मिल को भारी नुकसान पहुंचा है। शेड की छतें उड़ने, दीवारें गिरने, मशीनरी खराब होने और स्टॉक में रखा चावल भीगने से कुल नुकसान करोड़ों रुपये तक पहुंच गया है।
गूलरवाला निवासी अमित की गुरु कृपा एग्रो इंडस्ट्रीज में शेड ढह गया और अंदर रखा चावल बारिश से खराब हो गया। वहीं गांव आकावाली स्थित विजय एग्रो इंडस्ट्रीज में दीवार गिरने से मशीनरी प्रभावित हुई और चावल भीगकर खराब हो गया। चंदड़ा कलां गांव स्थित रिद्धि-सिद्धि राइस मिल में भी तेज हवा से शेड की छत उड़ गई, मशीनें जाम हो गईं और तैयार माल नष्ट हो गया।
तीनों शेलर मालिकों का कहना है कि प्रत्येक यूनिट में करीब 20 से 30 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। अचानक हुई इस आपदा से उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शेलर एसोसिएशन प्रधान जस्सी बंसल ने सरकार से राहत और मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिना आर्थिक सहायता के उद्योग को दोबारा खड़ा करना मुश्किल है।
-
तूफान में नमक से भरा ट्राला पलटा
कन्हड़ी गांव के पास आंधी के कारण सड़क पर पेड़ गिरने से नमक से भरा एक ट्रक पलट गया। इस हादसे में हिसार निवासी ड्राइवर और कंडक्टर घायल हो गए। हादसे में लगभग 2-3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ट्रॉला राजस्थान से नमक भरकर पंजाब जा रहा था। कन्हड़ी गांव के पास अचानक आए तेज तूफान के कारण एक बड़ा सफेदे का पेड़ सड़क पर गिर गया। ड्राइवर ने पेड़ देखकर गाड़ी मोड़ने की कोशिश की जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में हिसार के जेवरा निवासी ड्राइवर सुनील और कंडक्टर सुरेंद्र कुमार को चोटें आईं। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत दोनों को ट्रक से बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल टोहाना पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा किया गया।