शिवालय मार्केट में चोरों द्वारा खोले गए गल्लों को दिखाता दुकानदार
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें पुलिस का भी भय नहीं है। मंगलवार देर रात को बस स्टैंड पुलिस चौकी से महज 100 कदम दूर शिवालय मार्केट में चोरों ने पेस्टीसाइड की दो दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नकदी चुरा ली। चोरों ने तीसरी दुकान का भी ताला तोड़ने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। जब सुबह में दुकानदार अपनी दुकान में पहुंचे तो घटना का पता लगा। सूचना के बाद बस स्टैंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। शिवालय मार्केट में तीसरे साल लगातार चोरी की वारदात हुई है।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इसमें दो युवक ताला तोड़ते नजर आ रहे हैं। दुकानदारों के मुताबिक चोरी की वारदात को दो युवकों ने अंजाम दिया है। चोर करीब 27 मिनट तक घटनास्थल पर रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि सीसीटीवी में जांच के दौरान पाया गया रात करीब तीन बजे चोरों ने पहले शिव एग्रीकल्चर दुकान का ताला तोड़ा। दुकान मालिक नितिन ने बताया कि चोर दुकान से 12 हजार रुपये की नकदी ले गए। इसके बाद चोरों ने सहारण ट्रेडिंग कंपनी का ताला तोड़ने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हुए। दुकान मालिक लीलाधर के अनुसार चोर ताला नहीं तोड़ पाए। इसके बाद चोरों ने श्री राम ट्रेडिंग कंपनी का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर दो हजार रुपये की नकदी चुराकर ले गए। दुकान मालिक पूर्णचंद्र ने बताया कि घटना का सुबह पता चला जब दुकान पर आए।
----------
सुबह 2 बजकर 53 मिनट पर आए चोर
दुकानदारों ने बताया कि सीसीटीवी देखने पर पाया गया है कि चोर रात 2 बजकर 53 मिनट पर आए हैं और 3 बजकर 20 मिनट तक ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। करीब 27 मिनट तक घटनास्थल पर रहे हैं। यहां पर एक चौकीदार है। चौकीदार रामफल ने बताया कि वह ढाई बजे के करीब दुकानों के आसपास घूमकर गया था, इस दौरान यहां सब ठीक था। घटना से पहले पुलिस पीसीआर भी गई है। दुकानदारों का कहना है कि लगातार तीन साल से चोरी की वारदात हो रही है। पिछले साल चोरों ने 9 दुकानों के ताले तोड़े थे।
----------
शिवालय मार्केट में दुकानों का ताला तोड़ने की सूचना के बाद टीम मौके पर गई थी। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
- वेदपाल, बस स्टैंड चौकी प्रभारी