चोरी के वारदात की जानकारी देता दुकानदार।
- फोटो : Fatehabad
रतिया। अनाज मंडी में वीरवार देर रात्रि दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों रुपये की नकदी चुरा ली। जब दूसरी दुकान का ताला तोड़कर जब चोरी करने लगे तो किसी व्यक्ति के आने की आशंका के चलते तिजोरी छोड़कर फरार हो गए। दुकान मालिकों ने इसकी सूचना रतिया पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस कर्मचारी मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।
टिब्बा कॉलोनी निवासी विजय पुत्र सतपाल ने बताया कि वह अनाज मंडी में जीरी की खरीद-बेच का कार्य करता है। हर रोज की तरह वह बुधवार रात्रि को दुकान मंगल करके गया था। उसने बताया कि वीरवार सुबह आकर देखा तो उसकी दुकान का ताला टूटा पड़ा था और दुकान में रखी अलमारी टूटी पड़ी हुई थी। विजय ने बताया कि चोर अलमारी को तोड़कर गल्ले से 12-13 हजार रुपये नकदी चोरी कर ले गए। वहीं इसके बाद चोरों ने साथ लगती राकेश गर्ग आढ़त की दुकान में घुसे और दुकान से उठाए गए बट्टों से दुकान का ताला तोड़कर अलमारी का ताला भी तोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान किसी व्यक्ति के आने की चलते चोर भाग गए। दुकान मालिकों की सूचना पर पुलिस कर्मचारी मामले की जांच करने पहुंचे। वहीं बाद में मंडी के दुकानदार राकेश गर्ग की अगुवाई में थाने में पहुंचे व रतिया में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर रोष जताया। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र में बढ़ रही चोरियों को लेकर एसपी से भी मिलेंगे और गश्त बढ़ाने की मांग सहित क्षेत्र में बढ़ रही चोरियों की वारदातों को सुलझाने की भी मांग करेंगे।