फतेहाबाद। किराना स्टोर से रोजाना बिस्कुट की पेटी ले जाने की बात को लेकर किसी को शक नहीं हुआ लेकिन जब एक पेटी का वजन सामान्य से कई गुना अधिक निकला तो कथित चोरी का पूरा राज खुल गया।
सब्जी मंडी स्थित महालक्ष्मी किरयाणा स्टोर में काम करने वाले कर्मचारी पर सामान चोरी करने का आरोप है। दुकान संचालक और अरोड़वंश महासभा के पूर्व प्रधान मोहरी राम ग्रोवर के बेटे सतीश ग्रोवर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अमित कुमार निवासी नहर कॉलोनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने आरोपी के किराये के मकान से करीब पांच लाख रुपये का किराना सामान बरामद किया है। आरोप है कि उसने सामान छिपाने के लिए अलमारी के नीचे गड्ढा बनाया हुआ था। हालांकि पुलिस ने बरामदगी से इन्कार किया है। पुलिस प्रवक्ता विनोद का कहना है कि अमित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच चल रही है।
सतीश ग्रोवर के अनुसार, अमित करीब एक साल से दुकान पर काम कर रहा था। वह अक्सर शाम को बिस्कुट की एक पेटी यह कहकर ले जाता था कि उसकी बहन घर पर इन्हें बेचती है। इस वजह से शुरुआत में किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ। हालांकि एक दिन दूसरे कर्मचारी को अमित द्वारा ले जाने वाली पेटी सामान्य से ज्यादा भारी लगी। उसने इसकी जानकारी सतीश को दी।
-
वजन कराया तो खुल गई पोल
संदेह होने पर सतीश ने पेटी का वजन कराया तो वह करीब 24 किलोग्राम निकली जबकि बिस्कुट की सामान्य पेटी का वजन लगभग साढ़े पांच किलोग्राम होता है। इसके बाद अमित के सामने पेटी खुलवाई गई तो उसमें देसी घी के 24 डिब्बे, गुटखा और बीड़ी के बंडल मिले। इसके बाद सतीश ने पुलिस को सूचना दी और अमित को पुलिस के हवाले कर दिया।
-
अलमारी के नीचे बनाया हुआ था गड्ढा
बताया जा रहा है कि पुलिस ने अमित और उसके भाई राजेश को बुलाकर नहर कॉलोनी स्थित अमित के किराये के मकान में छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस को अलमारी के नीचे गड्ढा मिला। जिसमें सामान छिपाकर रखने का पता चला। पुलिस ने वहां से देसी घी की दस पेटियां, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा और अन्य किराना सामान बरामद किया। आरोप है कि चोरी किए गए सामान को अमित का भाई राजेश बाजार में कम कीमत पर बेचता था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि दुकान से कितना सामान चोरी किया गया और उसे किन-किन लोगों को बेचा गया।