फतेहाबाद। 20 करोड़ रुपये की लागत से बने नए बस स्टैंड में सुरक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। बस स्टैंड में आगजनी से बचने के लिए अग्निशमन यंत्रों के अलावा हाई क्वालिटी के स्प्रिंकलर लगाए गए हैं, जो आगजनी होते ही पलक झपकते ही पानी फेंकने लगेंगे। वहीं 42 सीसीटीवी से 24 घंटे बस स्टैंड की निगरानी रखी जाएगी।
फतेहाबाद के हुडा सेक्टर-5 में 20 करोड़ की लागत से नए बस स्टैंड का निर्माण किया गया है और इस पर 20 करोड़ रुपये से अधिक लागत आई है। फतेहाबाद का यह नया बस स्टैंड पूरे प्रदेश में सबसे अधिक अति आधुनिक सुविधाओं से लैस है। बस स्टैंड की सुरक्षा व आगजनी जैसे हादसों से बचने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। नए बस स्टैंड में लोक निर्माण विभाग की इलेक्ट्रिक विंग ने 42 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। यह कैमरे बस स्टैंड की सभी मंजिलों, बस स्टैंड के बाहर सहित चप्पे-चप्पे पर लगाए गए हैं और पहली मंजिल पर इसके लिए बकायदा निगरानी रखने के लिए दो एलसीडी लगाई गई है, जिस पर बैठे कर्मचारी पूरे बस स्टैंड की निगरानी कैमरों के माध्यम से करता रहेगा। संवाद
38 अग्निशमन यंत्र व सभी स्थानों पर लगे स्प्रिंकलर
नए बस स्टैंड में 38 अग्निशमन यंत्र लगाए गए हैं। साथ ही प्रथम तल से तृतीय तल पर स्प्रिंकलर लगाए गए हैं। आगजनी होते ही इन स्प्रिंकलर में लगे सेंसर अलर्ट हो जाएंगे और इनमें लगे फव्वारे राउंडवाइज घूमकर पानी की फुहारें फैकेंगे, जिससे आग बुझ जाएगी। इन स्प्रिंकलर्स को बस स्टैंड के बुस्टिंग स्टेशन से जोड़ा गया है, ताकि पानी की कोई कमी न हो। इसके अलावा यहां पर दो हाई मार्क्ड लाइट, 62.5 केवीए का ट्रांसफार्मर, बिजली सब स्टेशन भी बनाए गए हैं।
कोट
नए बस स्टैंड में फायर सेफ्टी व सुरक्षा के लिहाज से अनेक उपकरण लगाए गए हैं। 42 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे बस स्टैंड की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा फायर सेफ्टी उपकरण लगाए गए हैं और खासतौर पर अधिक आगजनी के समय पर फायर सेफ्टी स्प्रिंकलर लगाए गए हैं। आग लगती है तो इनमें लगे सेंसर से अपने आप फव्वारों से पानी निकलने लगेगा। अधिक आग की संभावना के चलते यहां पर बड़ी पाइप लाइन भी लगाई गई है।
-सुमेर, एसडीओ बीएंडआर (इलेक्ट्रिक), फतेहाबाद।
नए बस स्टैंड में लगाया गया सीसीटीवी कैमरा।- फोटो : Fatehabad