फतेहाबाद। जिले के 6 बड़े गांवों की सूरत बदलने के लिए सरकार की ओर से शहरों में बनने वाली मॉडल गली को अब गांवों में भी बनाया जाएगा। पहले चरण में जिले के उन गांवों को प्राथमिकता दी है जिनकी आबादी 10 हजार से अधिक है। चयन प्रक्रिया में गांवों के आकार और वहां की तात्कालिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखा गया है।
जिला परिषद अध्यक्ष एडवोकेट सुमन खीचड़ ने बताया कि इन 6 गलियों के निर्माण के लिए करीब 4.20 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। ये गलियां आम रास्तों से बिल्कुल अलग होंगी। योजना के अनुसार इन मॉडल गली में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सकेगी।
हरियाली और सुंदरीकरण के लिए गलियों के किनारे सुंदर फूलों के पौधे जाएंगे। इससे गांव का वातावरण शुद्ध और आकर्षक बने। इसके अलावा गली में जलभराव की समस्या खत्म करने के लिए इन गलियों में अत्याधुनिक ड्रेनेज (निकासी) सिस्टम बनाया जाएगा। वहीं रात के समय आवागमन सुगम बनाने के लिए ऊर्जा-कुशल स्ट्रीट लाइट्स की व्यवस्था होगी।
जिले के इन 6 बड़े गांवों का हुआ चयन
जिले के जिन 6 गांवों के चयन किया गया है इनमें भिरड़ाना, भट्टूकलां, गोरखपुर, नहला, समैन व जमालपुर शेखां शामिल हैं। इन गांवों में जो गली का निर्माण होगा उसकी चौड़ाई करीब 24 फुट होगी। गांव भिरड़ाना की गली पर करीब 52 लाख, गांव भट्टूकलां की गली पर करीब 51 लाख, गांव गोरखपुर की गली पर करीब एक करोड़ 25 लाख, गांव नहला की गली पर करीब एक करोड़ 13 लाख, गांव समैन की गली पर करीब 58 लाख और गांव जमालपुर शेखां की गली पर करीब 52 लाख रुपये की राशि खर्च होगी।
सरकार की तरफ से गांवों में विकास कार्य करवाने के लिए शहरों की तरह प्राथमिकता दी जा रही है। शहरों की तर्ज पर मॉडल गलियां बनेगी। इन गलियों में सुंदरता के लिए पेड़-पौधे, पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइट व सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाएं जाएंगे।
- सुमन खिचड़, चेयरपर्सन जिला परिषद फतेहाबाद।