फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: सुबह से लाइन में लगे, नहीं मिला सिलिंडर तो भड़का गुस्सा

Thu, 19 Mar 2026 11:02 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
गैस सिलेंडर न मिलने के चलते जाम लगाते गैस उपभोक्ता :संवाद
विज्ञापन
रतिया। गैस सिलिंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं का सब्र वीरवार सुबह टूट गया। क्षेत्र के लोगों ने सुबह करीब 6:45 बजे भारत गैस एजेंसी के पास रतिया-फतेहाबाद रोड पर छोटी नहर के समीप जाम लगा दिया। करीब 50 मिनट तक चले इस प्रदर्शन के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन


सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया। हालांकि, उपभोक्ताओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ और कुछ ही देर बाद गैस एजेंसी का घेराव कर मुख्य गेट को बंद कर दिया। स्थिति को बिगड़ता देख नायब तहसीलदार राशवेंद्र और शहर थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग भी मौके पर पहुंचे।

उन्होंने एजेंसी मैनेजर रामनिवास से बातचीत की। मैनेजर ने बताया कि सिलिंडर की गाड़ी चंडीगढ़ से रवाना होने वाली है और उपभोक्ताओं को शुक्रवार सुबह तक ही उपलब्ध हो पाएंगे। यह जानकारी मिलते ही उपभोक्ता फिर भड़क गए और एजेंसी व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। अधिकारियों द्वारा लोगों को काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
विज्ञापन




उपभोक्ताओं बोले- 3-4 दिनों से काट रहे हैं चक्कर

प्रदर्शन कर रहे बूटा सिंह, करनैल, नछत्तर सिंह, राजू और सतीश ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। हर रोज सुबह गैस सिलिंडर देने का वादा किया जाता है लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। महिलाओं केलो और हरदीप कौर ने बताया कि वे करीब चार किलोमीटर दूर से सिर पर सिलिंडर उठाकर एजेंसी तक पहुंचती हैं लेकिन हर बार गाड़ी न आने का बहाना बना दिया जाता है। उन्होंने बताया कि वे सुबह 5 बजे ही एजेंसी पहुंच गई थीं लेकिन कर्मचारियों ने 6 बजे आकर सिलिंडर न होने की बात कह दी।

-



शादियों के बीच बढ़ी परेशानी

एंप्लाइज कॉलोनी निवासी प्रदीप ने बताया कि उसकी बहन की शादी है लेकिन सिलिंडर न मिलने के कारण घर में दिक्कतें आ रही हैं। रिश्तेदारों के सामने शर्मिंदा होना पड़ रहा है। रेशमा देवी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 1 अप्रैल को है लेकिन सिलिंडर न मिलने से तैयारियों में बाधा आ रही है। नछत्तर सिंह ने बताया कि वह लगातार तीसरे दिन भी बिना सिलिंडर लिए लौट रहे हैं। बूटा सिंह ने कहा कि वह गांव से सिलिंडर लेकर सुबह 5 बजे से एजेंसी के बाहर खड़े हैं लेकिन 8 बजे तक भी सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पाया। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने और नियमित रूप से सिलिंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें