फतेहाबाद। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों पर कचरे के ढेर भारी पड़ रहे हैं। जिलास्तरीय कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह कचरा जमा है। प्रशासन मंत्री के आने वाले रास्ते से कचरा हटाने के प्रयास में जुटा है लेकिन कर्मचारियों के विरोध के कारण सफलता नहीं मिल रही।
भूना रोड पर ऑटो मार्केट के बाहर शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे नगर परिषद प्रशासन की टीम कचरा उठाने पहुंची। सूचना मिलते ही धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और कचरे के ढेर के आगे खड़े होकर विरोध करना शुरू कर दिया। हंगामे के चलते नगर परिषद सचिव गोविंद और एसआई महेश के नेतृत्व में पहुंची टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
इससे पहले वीरवार दोपहर को भी प्रशासन ने कचरा उठाने का प्रयास किया था लेकिन कर्मचारियों के विरोध के कारण टीम लौट गई थी। भूना रोड पर ही रेस्ट हाउस और भाजपा कार्यालय भी स्थित हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह के बीच कचरे के ढेर शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ कर रहे हैं।
-
जिले के पांच शहरों में 1100 टन कचरा हुआ जमा
हड़ताल के कारण जिले के पांच शहरों में करीब 1100 टन कचरा जमा हो चुका है। फतेहाबाद, रतिया, टोहाना, भूना और जाखल में सफाई के साथ कचरा उठान भी बंद है। फतेहाबाद में शिवालय मार्केट के सामने, पुराना पंजाब नेशनल बैंक के सामने, भट्टू रोड पर नहर कॉलोनी मोड़ पर, पुराना एसडीएम निवास के सामने, बीघड़ रोड पर कचरे के ढेर लगे हैं। इसके अलावा शहर में सफाई न होने से बदबू फैलने लगी है।
-
कचरास्थल पर कर्मचारी दे रहे पहरा
प्रशासन की ओर से लगातार दो बार कूड़ा उठाने की कोशिशें नाकाम होने के बाद अब कर्मचारियों ने भी सख्ती बढ़ा दी है। हंगामे के बाद कर्मचारियों ने कचरा प्वाइंट पर बाकायदा अपना पहरा शुरू कर दिया है ताकि प्रशासन दोबारा ऐसी कोशिश न कर सके। नगर परिषद कार्यालय में रात को भी धरना शुरू किया गया है। कर्मचारी नेता विजय का कहना है कि जब तक मांगें नहीं मानी जाती तब तक धरना जारी रहेगा।
-
इधर संस्थाओं ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
नागरिक अधिकार मंच और शहर की अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त डॉ. विवेक भारती को ज्ञापन सौंपा। इसके माध्यम से संस्थाओं ने 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए फतेहाबाद आ रहे प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा से मुलाकात का समय दिलाने की मांग की है ताकि आम जनता की आवाज और सफाई व्यवस्था से बनी समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाया जा सके। प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों से मुलाकात कर यह मांग रखी कि जमा हुए पानी और कूड़े पर कीटनाशक का छिड़काव कराया जाए ताकि मच्छर और अन्य बीमारियां न फैलें। प्रतिनिधिमंडल में पार्षद मोहन लाल नारंग, पार्षद सुखदेव सिंह, देवी लाल एडवोकेट, पवन शर्मा, राजीव सेतिया, दुष्यंत शर्मा आदि मौजूद रहे।