फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: जून से जनवरी तक चलेंगे खेल मुकाबले

Thu, 18 Jun 2026 10:33 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
फते​हाबाद के भोड़िया खेड़ा खेल स्टेडियम में खेलते ​खिलाड़ी। संवाद
विज्ञापन
फतेहाबाद। प्रदेश सरकार के खेल विभाग ने वर्ष 2026-27 का आधिकारिक स्पोर्ट्स कैलेंडर जारी कर दिया है। जून 2026 से जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाली छह प्रमुख राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के साथ प्रदेश में खेल गतिविधियां चलेंगी।
विज्ञापन

विभाग का लक्ष्य गांवों से लेकर शहरों तक खेल संस्कृति को मजबूत करना और नई प्रतिभाओं को आगे लाना है। खेल सत्र की शुरुआत 30 जून से राज्यस्तरीय अखाड़ा एवं दंगल प्रतियोगिता से होगी। पारंपरिक कुश्ती मुकाबलों की यह प्रतियोगिता 2 जुलाई तक चलेगी जिसमें विभिन्न वजन वर्गों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इसके बाद 20 से 23 जुलाई तक हरियाणा स्टेट खेल महाकुंभ आयोजित होगा। प्रदेश की सबसे बड़ी खेल प्रतियोगिताओं में शामिल इस आयोजन में क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, कबड्डी, योगा, स्विमिंग समेत 30 खेलों में मुकाबले होंगे। बड़ी संख्या में खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में भाग लेंगे।
विज्ञापन



राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को खेलो हरियाणा, जीतो हरियाणा अभियान के अंतर्गत विशेष प्रतियोगिताएं होंगी। इस दिन हॉकी, साइक्लोथॉन, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। 20 नवंबर 2026 को महान धावक मिल्खा सिंह की स्मृति में फिट हरियाणा मैराथन का आयोजन होगा। मिल्खा सिंह मेमोरियल रन फॉर फन और हाफ मैराथन में प्रदेशभर से धावक भाग लेंगे।
8 से 11 दिसंबर तक हरियाणा स्टेट इंटर नर्सरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जूनियर, यूथ और सीनियर वर्गों के खिलाड़ियों के लिए होने वाली इस प्रतियोगिता में भी 30 खेल शामिल रहेंगे। नए वर्ष की शुरुआत 12 से 14 जनवरी 2027 तक सीएम कप प्रतियोगिता से होगी। प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबाल, हैंडबाल, खो-खो, फुटबाल और बास्केटबाल के मुकाबले होंगे। इसके साथ ही खेल कैलेंडर का समापन होगा।
विज्ञापन


मुख्यालय की ओर से खेलों को लेकर संभावित कैलेंडर जारी किया गया है। इसके हिसाब से खेल प्रतियोगिता करवाने के लिए मुख्यालय से पत्र प्राप्त होगा।
- विष्णु दास, जिला खेल अधिकारी फतेहाबाद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें