संवाद न्यूज एजेंसी
रतिया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से क्षेत्र में अवैध रूप से लिए गए पानी के कनेक्शन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला सलाहकार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग शर्मा चंद लाली ने बताया कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, हिसार को रतिया के विभिन्न सर्विस स्टेशनों पर पीने के पानी की सप्लाई का अवैध उपयोग किए जाने संबंधी गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
इसके बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की ओर से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पत्र जारी कर संबंधित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला सलाहकार शर्मा चंद लाली ने बताया कि विभाग की ओर से रतिया शहर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित 20 से अधिक सर्विस स्टेशनों एवं कार वॉश केंद्रों की जांच की जाएगी।
जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि कहीं इन प्रतिष्ठानों में पीने के पानी की सरकारी सप्लाई का दुरुपयोग तो नहीं किया जा रहा। उन्होंने बताया कि रतिया में अभी गुरु नानक सर्विस स्टेशन, गुरु कृपा सर्विस स्टेशन, नरेंद्र सर्विस स्टेशन, फ्रेंड्स कार वॉश, जोना सर्विस स्टेशन, जय दुर्गा सर्विस स्टेशन, दलेर कार वॉश, सचदेवा सर्विस स्टेशन, खोखर सर्विस स्टेशन, कमल सर्विस स्टेशन, बालाजी सर्विस स्टेशन, ढिल्लो सर्विस स्टेशन, मंगला सर्विस स्टेशन, भोला कार वॉश, खोखर कार वॉश, सतगुरु कार वॉश तथा विश्वकर्मा सर्विस स्टेशन सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं।