माडल टाउन में सोमवार को ज्वेलर्स के घर हुई दिनदहाड़े लूट के बाद अभी तक माडल टाउनवासी सहमे हुए हैं। लूट की इस वारदात के एक दिन बाद भी पुलिस के हाथ बिल्कुल खाली हैं। लूट के सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इस मामले में एसपी ने एक विशेष टीम का गठन कर टोहाना भेजा है, जिसमें 20 के करीब पुलिस कर्मचारी शामिल हैं।
टोहाना पुलिस ने इस गुत्थी को सुलझाने के लिए चार टीमें बनाई हैं। शहर की नाकेबंदी करके सील कर दिया गया है। पुलिस शहर में आने-जाने वाली हर गाड़ी या वाहनों पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
मंगलवार को पीड़ित नरसी सिंह, उनके बेटे, उनकी पत्नी और पुत्रवधु फतेहाबाद में पुलिस अधीक्षक शिवचरण अत्री से मिले और बदमाशों को गिरफ्तार करके उनके जेवर बरामद किए जाने की गुहार लगाई। एसपी ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि दो दिन के भीतर बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
नरसी के बेटे परमदीप सिंह ने बताया कि 18 तोले सोना, 40 हजार नकदी और दो रिवाल्वर बदमाश ले गए हैं। यह लूट और बड़ी हो सकती है क्योंकि अभी पूरा घर बिखरा पड़ा है। इस वजह से वे देख नहीं सके हैं।
जांच अधिकारी राजीव कुमार ने कहा कि पुलिस ने इस मामले मे कोई कसर नही छोड़ रही है। शहर से बाहर जाने वाले हर रोड पर नाकेबंदी कर दी है। उन्हाेंने बताया कि इस मामले मे मंगलवार की सुबह फतेहाबाद से स्पेशल 20 कर्मचारी बुलाए हुए हैं।
उन्होंने बताया कि टोहाना-नरवाना रोड, टोहाना-हिसार, टोहाना-रतिया रोड, टोहाना-चंडीगढ़ रोड और टोहाना-सिंबल रोड पर नाकेबंदी कर दी है। वार्ड के पार्षद रमेश गर्ग ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह घटना पूरे शहर के लिए बड़ी दुखद है। उन्होंने कहा कि वार्ड का पार्षद होने के नाते वे प्रशासन से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए।