फतेहाबाद। दिवाली पर पटाखे जलाते समय जरा-सी लापरवाही आंखों की रोशनी छीन सकती है। पटाखों की चिंगारी और बारूद से आंखों के लेंस व नेत्र गोलक को नुकसान पहुंच सकता है। तेज धमाके से आंखों के अंदर रक्तस्राव और रेटिना खिसकने का खतरा भी रहता है।
विज्ञापन
नागरिक अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश कस्वां ने बताया कि हर साल दिवाली के बाद एक सप्ताह तक पटाखों से आंखों में जलन और चोट की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचते हैं। पिछले साल भी पटाखों से घायल होकर आए मरीजों में अधिकांश की उम्र 21 साल से कम थी। इसके बावजूद दिवाली पर आतिशबाजी का चलन कम नहीं हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पटाखों से निकलने वाली चिंगारी आंखों के कॉर्निया में घाव कर सकती है। गंभीर स्थिति में लेंस और नेत्र गोलक तक फट सकते हैं। वहीं तेज धमाके से आंख के अंदर रक्तस्राव हो सकता है और रेटिना अपनी जगह से खिसक सकता है। इससे आंखों की रोशनी प्रभावित होने का खतरा रहता है। उन्होंने लोगों को पटाखों से दूरी बनाने और विशेष रूप से तेज आवाज वाले पटाखे नहीं जलाने की सलाह दी।