पति-पत्नी के विवाद को लेकर चल रही पंचायत में दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पति-पत्नी के विवाद को लेकर मंगलवार को लघु सचिवालय में चल रही पंचायत में हंगामा हो गया। जिसमें एक-दूसरे के कपड़े तक फाड़ डाले।
मौके पर महिला पीसीआर मौके पर पहुंची और महिला और उसकी मां को हुडा चौकी ले गई। इस दौरान महिला ने अपनी नवजात बच्ची को साथ ले जाने से इंकार कर दिया और उसे पंचायत को सौंप दिया
जानकारी के अनुसार गांव जगान जिला हिसार के राजेश कुमार की शादी तीन साल पहले गांव किरढान की रेखा के साथ हुई थी। पिछले काफी दिनों से दोनों में विवाद चल रहा था और इसी को लेकर कोर्ट में सुनवाई थी।
सुनवाई से पहले ई दिशा केंद्र के पास पंचायत में लड़की पक्ष से रेखा तथा उसकी मां गिरदावरी तथा लड़का पक्ष से राजेश, मामा पाल सिंह सहित 10-15 लोग आए हुए थे।
पंचायत में किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया और नौबत मार-पिटाई तक आ गई। इस दौरान लड़की की मां गिरदावरी ने लड़के पक्ष पर कपड़े फाड़ने के आरोप लगाए।
हंगामे की सूचना मिलने पर महिला पीसीआर मौके पर पहुंच गई और हंगामा कर रही मां-बेटी को पीसीआर में बिठा लिया। इस दौरान मां का दिल इतना कठोर हो गया कि उसने अपनी दो माह की बेटी को ले जाने से मना कर दिया और बेटी को पंचायत में देकर पीसीआर में बैठकर चली गई।
क्या कहते हैं अधिकारी
जब इस बारे में हुडा चौकी इंचार्ज विक्रम कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि दोनों तरफ से शिकायत आई थी। जिसके बाद जांच की जा रही है। महिला को बच्ची को ले जाने के लिए समझाया गया था जिसके बाद वह बच्ची को साथ ले जाने के लिए राजी हो गई है।