फतेहाबाद में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए प्राचार्यस
फतेहाबाद। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर चौधरी मनीराम गोदारा राजकीय महिला महाविद्यालय, भोडिया खेड़ा में शुक्रवार को कोई मतदाता न छूटे की थीम पर जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आई छात्राओं ने भाग लेकर लोकतांत्रिक चेतना और मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।
महाविद्यालय में निबंध, भाषण व रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण में एकता ने प्रथम, जसमीन कौर ने द्वितीय तथा पारुल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन में सोनिया पूनियां प्रथम, सिमरन द्वितीय और जसमीन कौर तृतीय रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में हिमांशु प्रथम, कुमकुम द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्रतिभागी ने प्राप्त किया। विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य डॉ. शत्रुजीत सिंह ने कहा कि मतदाता जागरूकता लोकतंत्र की रीढ़ है। उन्होंने छात्राओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक चेतना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. ज्योति ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं विशेषकर छात्राओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदान के महत्व और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के प्रति संवेदनशील बनाना है। निबंध लेखन में प्रतिभागियों ने मतदान का अधिकार, युवा सहभागिता और सशक्त लोकतंत्र जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।
भाषण प्रतियोगिता में ओजपूर्ण वक्तव्यों के माध्यम से मतदाता जागरूकता की आवश्यकता को रेखांकित किया गया, वहीं रंगोली बनाओ प्रतियोगिता में लोकतंत्र और मतदान के महत्व को रचनात्मक रंगों में उकेरा गया। इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर सुमित्रा, सतीश चंद्र, डॉ. ममता और गगनदीप कौर आदि मौजूद रहे।