घायलों को उपचार के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने हिसार रेफर कर दिया।
मृतकों की पहचान बीराबदी निवासी अंग्रेज सिंह और उसके पिता अमर सिंह के रूप में हुई है। जबकि अन्य घायल पीएनबी बैंक अलीका के कर्मचारी हैं।
अस्पताल में मौजूद प्रत्यक्षदर्शी राजकुमार ने बताया कि बीराबदी निवासी अंग्रेज सिंह अपने पिता के साथ बाइक पर सवार होकर बीते दिन अपनी ससुराल दादुपुर गांव गया था।
शुक्रवार शाम को वापस आ रहे थे। इसी दौरान अलीका और नागपुर गांव के बीच की कैंचियों पर उनकी बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई। कार को अलीका पीएनबी बैंक में कार्यरत जीतेश चला रहा था।
उसके साथ बैंक का एक अन्य कर्मचारी देवेन्द्र भी सवार था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार उछल कर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर के बाद कार भी असंतुलित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर के चलते कार के एयरबैग खुल गए जिसके कारण दोनों कार सवारों की जान बच गई।
एयरबैग खुलने के बावजूद कार सवार गंभीर
दुर्घटना की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एयरबैग खुलने के बावजूद दोनों गंभीर चोटों से नहीं बच सके।
बैंक कर्मचारी जितेश और देवेन्द्र हिसार के रहने वाले थे लेकिन अलीका में नौकरी होने के कारण पिछले कुछ समय से फतेहाबाद में कमरा लेकर रह रहे थे।
राहगीरों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद जब बैंक कर्मचारी घटनास्थल पर तड़प रहे थे तो कुछ राहगीर उन्हें पहले नागपुर सीएचसी और उसके बाद फतेहाबाद सामान्य अस्पताल लेकर आए।
फिर घायलों से नंबर लेकर पीएनबी बैंक के अधिकारियों को फोन किया। जिसके बाद फतेहाबाद, रतिया और आस पास के गांवों की पीएनबी शाखा के अनेक कर्मचारी भी सामान्य अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने अंग्रेज सिंह और उसके पिता अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया। उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है जहां शनिवार सुबह उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
भैंसों के खरीद-फरोख्त का काम करते थे मृतक बाप-बेटा
अलीका के पास हुए हादसे में मारे गए अंग्रेज सिंह और उसके पिता अमर सिंह का भैंसों की खरीद-फरोख्त का काम बताया गया है। ये भी बताया गया है कि दोनों किसी सौदे के सिलसिले में ही दादूपुर गए थे जहां से वे अंग्रेज सिंह की ससुराल चले गए।
तीन बच्चों के सर से उठ गया पिता का साया
अंग्रेज सिंह शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे हैं जिनमें दो लड़के और एक लड़की शामिल है। अंग्रेज सिंह की सबसे बड़ी लड़की की उम्र 9 साल बताई गई है।