फतेहाबाद। सरकार द्वारा गैर वन क्षेत्र में पौधरोपण के लिए बनाई गई वन मित्र योजना की ओर युवाओं का रुझान बढ़ने लगा है। फतेहाबाद जिले में अब तक 80 लोगों ने इसके लिए पोर्टल पर आवेदन किया है। मार्च माह के अंत तक इच्छुक युवा इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत वन मित्रों को गैर वन भूमि क्षेत्र का चयन करके पौधरोपण करना होगा।
हरियाणा सरकार ने 15 फरवरी को वन मित्र योजना को लागू किया है। इस योजना के तहत 1 लाख 80 हजार रुपये की कम आय वाले परिवार के लोग वन मित्र के लिए पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत 18 साल से 60 साल की उम्र तक के लोग इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के तहत सरकार चयनित लोगों को पौधों के हिसाब से भुगतान भी करेगी। सरकार की यह योजना वन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए है। जिसके तहत गैर वन भूमि क्षेत्र में ही चयनित लोग पौधरोपण कर सकेंगे। गैर वन भूमि क्षेत्र को उनको स्वयं ही चयनित करना होगा। वन विभाग वन मित्रों को अपने स्तर पर पौधे उपलब्ध करवाएगा।
इस योजना के तहत मार्च माह तक वन मित्रों का पंजीकरण, चयन और उनको प्रशिक्षण दिया जाएगा। 10 जून तक वन मित्रों को चयनित जगह पर पौधरोपण के लिए गड्ढे खोदने होंगे। 1 जुलाई से 15 जुलाई की समयावधि में पौधरोपण किया जाएगा। 31 अगस्त तक उनके द्वारा लगाए गए पौधों का सत्यापन व जियो टैगिंग होगी। सितंबर से अप्रैल तक वन मित्रों को पौधों का रखरखाव व संरक्षण करना होगा।
पहले साल वन मित्रों को प्रति गड्ढ़ा खोदने पर 20 रुपये, पौधे की जियो टैगिंग के बाद 30 रुपये प्रति पौधा, रख रखाव व संरक्षण के लिए 10 रुपये प्रति पौधा, दूसरे साल हर जीवित पौधे के लिए माह के अंतिम सप्ताह में 8 रुपये प्रति पौधा, तीसरे साल में हर जीवित पौधे के लिए 5 रुपये प्रति माह, चौथे साल के लिए 3 रुपये प्रति माह पौधे के रूप में मिलेंगे।
कोट
सरकार की वन मित्र योजना के लिए अभी तक फतेहाबाद में पोर्टल पर 80 लोगों ने आवेदन किया है। आवेदन आगे भी जारी रहेंगे। यह सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है और इसमें जरूरतमंद परिवार के लोगों को अधिक से अधिक आवेदन करना चाहिए।
-राजेश कुमार, जिला वन अधिकारी, फतेहाबाद।