फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में लगे शिविर का निरीक्षण करते हुए सिविल सर्जन
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को लगे प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत शिविर का सिविल सर्जन डॉ. कुलप्रतिभा ने निरीक्षण किया। सिविल सर्जन ने शिविर में गर्भवती को एक ही जगह पर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर के स्थान पर ही गर्भवती का पंजीकरण किया जाए और वहीं पर ही ब्लड सैंपल लिए जाएं।
इसके अलावा मौके पर महिला चिकित्सक जांच करें। गर्भवती को दवाई भी मौके पर ही उपलब्ध करवाई जाए। अमर उजाला ने 24 अप्रैल के अंक में गर्मी में 20 मिनट तक लाइनों में खड़े होने के लिए मजबूर गर्भवती महिला... शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद सिविल सर्जन डॉ. कुलप्रतिभा ने संज्ञान लेते हुए शिविर में व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए और खुद निरीक्षण किया है।
ओपीडी ब्लॉक के बाद की गई बैठने की व्यवस्था
नागरिक अस्पताल में जच्चा-बच्चा ओपीडी ब्लॉक के बाहर बैठने की भी व्यवस्था की गई। गर्भवती के लिए कुर्सियां लगाई गई, इसके अलावा धूप से बचाने के लिए टैंट की भी व्यवस्था हुई। सिविल सर्जन के निर्देश के बाद अस्पताल प्रशासन ने शिविर स्थल पर ही महिला चिकित्सक की डयूटी लगाई। गंभीर जोखिम गर्भवती को ही महिला रोग विशेषज्ञ के पास रेफर किया गया। शुक्रवार को लगाए गए शिविर में 120 गर्भवती ने पंजीकरण करवाया।