फतेहाबाद। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पूरा हो गया है। अब 1 लाख 6 हजार 630 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। इन मतदाताओं के दस्तावेज का सत्यापन किया जाएगा।
जिलाधिकारी विवेक भारती ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नोटिस उन मतदाताओं को मिलेंगे जिनके मानचित्रण में त्रुटि मिली या मानचित्रण नहीं हुआ। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है।
जिले में करीब पचास हजार लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। फतेहाबाद जिला एसआईआर अभियान में पूरे प्रदेश में प्रथम रहा। 31 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित हुआ था। मतदाता 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दस्तावेज जमा कर सकते हैं।
दावे और आपत्तियों का निस्तारण अट्ठाईस सितंबर तक होगा। अंतिम मतदाता सूची तीन अक्तूबर को प्रकाशित की जाएगी। सत्यापन के लिए निर्वाचन आयोग के बारह प्रकार के वैध दस्तावेज मान्य होंगे।
डीसी डाॅ. विवेक भारती ने बताया कि एसआईआर के दौरान जिले के 50 हजार 568 मतदाताओं के नाम एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत्यु, डुप्लीकेट) श्रेणी में दर्ज किए हैं। इनमें फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के 20,796, रतिया के 17,863 तथा टोहाना के 11,909 मतदाता शामिल हैं।
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन किया है। जिले में 59 नए केंद्र बनाए हैं। अब जिले में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 708 से बढक़र 767 हो गई है। 1200 मतदाताओं पर एक मतदान केंद्र बनाया है। एसआईआर के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची में 6.59 लाख मतदाता : डीसी ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 6 लाख 59 हजार 694 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 3 लाख 48 हजार 669 पुरुष, 3 लाख 10 हजार 10 महिला व 15 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार फतेहाबाद में 2,35,739, टोहाना में 2,16,404 व रतिया में 2,07,551 मतदाता हैं।