फतेहाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान में जिले में 92.88 प्रतिशत मतदाता गणना प्रपत्रों का डिजिटल का कार्य पूरा हो चुका है। अभियान के तहत करीब 50,568 मतदाताओं को एएसडीडी श्रेणी में चिह्नित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने बताया कि जिले में कुल 7 लाख 10 हजार 261 पंजीकृत मतदाताओं में से 6 लाख 59 हजार 693 मतदाताओं के गणना प्रपत्र डिजिटल किए जा चुके हैं। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटल का कार्य संतोषजनक गति से चल रहा है।
उन्होंने बताया कि टोहाना विधानसभा क्षेत्र ने 94.78 प्रतिशत डिजिटल के साथ जिले में पहला स्थान हासिल किया है। यहां कुल 2 लाख 28 हजार 313 मतदाताओं में से 2 लाख 16 हजार 404 गणना प्रपत्र डिजिटल किए गए हैं। रतिया विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 25 हजार 413 मतदाताओं में से 2 लाख 7 हजार 550 प्रपत्र डिजिटल हो चुके हैं जिससे कार्य की प्रगति 92.08 प्रतिशत रही।
फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 56 हजार 535 मतदाताओं में से 2 लाख 35 हजार 739 गणना प्रपत्र डिजिटल किए जा चुके हैं। यहां डिजिटल का कार्य 91.89 प्रतिशत पूरा हुआ है। एसआईआर अभियान के तहत एएसडीडी श्रेणी में शामिल मतदाताओं में 18,158 ऐसे हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है। शेष मतदाताओं की स्थिति का सत्यापन प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
-
फतेहाबाद में 4491 मतदाता अनुपस्थित मिले
डॉ. विवेक भारती ने बताया अनुपस्थित मतदाता, स्थानांतरित मतदाता, मृत मतदाता अथवा पहले से अन्य स्थान पर पंजीकृत मतदाताओं के गणना प्रपत्र अपलोड नहीं किए गए। फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में शेष 20,796 मामलों में 4,491 अनुपस्थित, 7,980 स्थानांतरित, 7,330 मृत, 843 पहले से पंजीकृत तथा 152 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। रतिया विधानसभा क्षेत्र के 17,863 मामलों में 2,777 अनुपस्थित, 6,955 स्थानांतरित, 7,038 मृत, 966 पहले से पंजीकृत तथा 127 अन्य श्रेणी के मतदाता चिन्हित किए गए हैं। टोहाना विधानसभा क्षेत्र के 11,909 मामलों में 1,415 अनुपस्थित, 6,175 स्थानांतरित, 3,790 मृत, 415 पहले से पंजीकृत तथा 114 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।
एक माह तक दर्ज करवा सकते हैं आपत्तियां
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके उपरांत 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा उनका निस्तारण 28 सितंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 3 अक्तूबर को अंतिम एवं संशोधित मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
-
जिले के सभी मतदाताओं से अपील है कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद प्रत्येक मतदाता अपने नाम एवं अन्य विवरण का सावधानीपूर्वक मिलान अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि, नाम विलोपन, संशोधन अथवा नए पंजीकरण की आवश्यकता हो तो निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित बीएलओ, निर्वाचन कार्यालय अथवा आयोग द्वारा निर्धारित माध्यमों के जरिए अपना दावा या आपत्ति अवश्य प्रस्तुत करें ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही विवरण के साथ अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
- डॉ. विवेक भारती, उपायुक्त