फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: चिल्ली झील के फोटो डीसी को दिखा सांसद सैलजा बोलीं कहां खर्च हुए `13 करोड़ बताओ...इसकी जांच करवाओ

Tue, 28 Oct 2025 11:32 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
फतेहाबाद के डीपीआरसी भवन में दिशा की बैठक में चिल्ली झील के काम को लेकर उपायुक्त को फोटो दिखाती
विज्ञापन
फतेहाबाद। पिछले लंबे समय से चर्चाओं का कारण बन रही चिल्ली झील का मसला दिशा की बैठक में गर्मा गया। इस बार सिरसा लोकसभा क्षेत्र से सांसद कुमारी सैलजा ने इसमें भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए जांच करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपायुक्त डॉ. विवेक भारती को चिल्ली झील के एक दिन पहले के फोटो दिखाते हुए कहा कि यह सब क्या है? 13 करोड़ रुपये कहां लगे हैं, दिखा दीजिए।
विज्ञापन


सांसद सैलजा मंगलवार को फतेहाबाद के लघु सचिवालय के समीप डीपीआरसी भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करने पहुंची थीं। इसी दौरान चिल्ली झील का मुद्दा सामने आने पर सांसद सैलजा अधिकारियों की कार्यप्रणाली से काफी असंतुष्ट नजर आईं।

बैठक में सांसद कुमारी सैलजा ने चिल्ली झील को विकसित व सुंदरीकरण करने के लिए खर्च किए गए 13 करोड़ रुपये खर्च करने और उसकी कोई सकारात्मक नतीजा नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा आप इसकी जांच विजिलेंस से करवाएं। इस पर डीसी ने टीम का गठन करके जल्द जांच करने का भरोसा दिलाया।
विज्ञापन


बैठक में जिला मुख्यालय में पुस्तकालय के भवन का अभाव होने के बारे में भी सांसद ने कहा कि जिला मुख्यालय पर ही पुस्तकालय के लिए भवन नहीं है, आज कल तो गांव में भी पुस्तकालय के लिए भवन हैं।

-

एक दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे तीनों विभागों के अधिकारी

जब सांसद कुमारी सैलजा ने चिल्ली झील के मुद्दे पर बात शुरू कर अधिकारियों से जवाब मांगा तो सिंचाई विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग व नगर परिषद के अधिकारी एक दूसरे पर बात डालते हुए नजर आए। इस दौरान सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता एनके भोला ने कहा कि उनके विभाग का काम साल 2022 में ही पूरा हो चुका था। उनके विभाग ने खोदाई कर गाद निकाल दी थी। गाद निकालने के बाद नगर परिषद को उसका सुंदरीकरण कार्य करना था। इसी तरह जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता बलविंद्र सिंह ने कहा कि उनके विभाग को डिस्पोजल प्लांट बनाने के लिए बोला गया था। वह काम भी हो चुका है। सुंदरीकरण के काम के बारे में लेकर नगर परिषद के अधिकारी ही बता सकते हैं।

-

गोरखपुर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति पर अफसरों ने गांव से मांगा डिफाल्टिंग अमाउंट

इसके बाद बैठक में बिजली निगम का मुद्दा उठा। सांसद ने कहा कि गांव गोरखपुर में 24 घंटे बिजली नहीं मिल रही है। पिछली बैठक में भी इस मुद्दे को हल करने के लिए बोला गया था। इस पर बिजली निगम के एसई और एक्सईएन ने जवाब देते हुए कहा कि गांव में लाइनलोस ज्यादा है यानि गांव में बिजली की चोरी ज्यादा हो रही है। गांव के लोग अगर की डिफाल्टिंग अमाउंट भर दें तो 24 घंटे बिजली दे देंगे। सिर्फ गोरखपुर गांव की एक करोड़ से अधिक की डिफाल्टिंग अमाउंट है। वे चोरी करने वालों पर कार्रवाई कर रहे हैं। पिछले दो माह में 100 के करीब बिजली चोरी पकड़ी गई है। गांव के लोग अगर सहयोग करेंगे तो 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करवा दी जाएगी। इसके बाद विधायक बलवान दौलतपुरिया ने भी अधिकारियों के जवाब पर नाराजगी जताई।



भट्टू पंचायत समिति चेयरपर्सन ने भी काम न होने की रखी शिकायत

भट्टू पंचायत समिति चेयरपर्सन ज्योति लूणा ने सांसद सैलजा के समक्ष काम ना होने की बात रखी। ज्योति ने कहा कि एसडीओ उनके क्षेत्र में काम नहीं करवा रहे हैं। उनसे कई बार कहा गया है। इस बारे में सांसद सैलजा के जवाब मांगने पर डीडीपीओ अनूप सिंह ने कहा कि वो एसडीओ को बुलाकर पूछेंगे। इस पर भी सांसद सैलजा काफी नाराज नजर आई।

-

सांसद बोली, नशे के खिलाफ कार्रवाई करे पुलिस

सांसद कुमारी सैलजा ने एसपी सिद्धांत जैन से कहा कि जिले में नशे की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बॉर्डर एरिया से नशा बढ़ रहा है। इस पर एसपी सिद्धांत जैन ने जवाब देते हुए कहा कि उनका विभाग पूरी कोशिश कर रहा है कि नशे को रोका जा सके। पुलिस की ओर से पूरे जिले में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस लगातार नशा खरीदने व बेचने के साथ मुख्य सप्लायर को भी पकड़ रही है। काफी मात्रा में केमिकलयुक्त नशीला पदार्थ भी पकड़ा गया है। जिस पर सांसद ने कहा कि मगर हमको लगता नहीं है कि पुलिस की ओर से कोई धरपकड़ हो रही है।

-

क्रॉप कंटिग को लेकर हो रही गड़बड़ी की करें जांच

सांसद सैलजा ने कृषि विभाग के उप निदेशक राजेश सिहाग से प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना के बारे में कई सवाल किए। उप निदेशक राजेश सिहाग ने कागजी आंकड़े बताने का प्रयास किया तो सांसद सैलजा ने कहा कि आपके अनुसार तो सबकुछ सही है, लेकिन ऐसा होता तो किसान परेशान न हो रहे होते।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें