रतिया। एसडीएम सुरेश कुमार के कार्यालय में सोमवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बाल और बंधुआ मजदूरी से संबंधित विभाग के श्रम अधिकारी के न पहुंचने पर एसडीएम नाराज दिखे।
उन्होंने पूरे मामले की जानकारी उपायुक्त को देते हुए श्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने बैठक में मौजूद अधिकारियों को बाल और बंधुआ मजदूरी रोकने के लिए अधिकारियों को कारगर कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपमंडल में ईंट भट्ठे, होटल, ढाबे, फैक्ट्री और दुकानों पर काम कर रहे किसी भी जगह पर बाल और बंधुआ मजदूर मिलेंगे तो उनके मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उन्होंने कहा कि बाल एवं बंधुआ मजदूरी को रोकने के लिए नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाए। एसडीएम सुरेश कुमार ने कहा कि बंधुआ मजदूरी में संलिप्त मिले तो उनकी 112 पर शिकायत दर्ज करवाएं। उन्होंने समिति के सदस्यों को निर्देश दिए कि वे नियमित चेकिंग करे और लोगों को इस बारे में जागरूक करें।
बैठक में डीएसपी नरसिंह, नायब तहसीलदार अशोक कुमार, खंड पंचायत अधिकारी हनीश कुमार, सदर थाना प्रभारी राजवीर, शहर थाना प्रभारी रणजीत सिंह तहसील कल्याण अधिकारी कवल सिंह, समिति सदस्य बलदेव सिंह गरोहा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।