शहर के नया बाजार स्थित शिवम स्कूल ड्रेस की दुकान में दोपहर के समय अचानक आग लग गई। सूचना मिलने के बाद फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने घंटो की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के चलते दुकान में रखा लाखों की कीमत की स्कूल ड्रेस जलकर राख हो गई। सूचना पाकर एसडीएम नवीन कुमार, तहसीलदार, डीएसपी और एसएचओ मौके पर पहुंचे। पीड़ित दुकानदार शिवम ने लाखों का नुकसान बताते हुए सरकार से मुआवजे की मांग की है।
जानकारी अनुसार लाला छज्जूराम पहाड़िया ट्रस्ट के सदस्य रोबिन गर्ग अपने साथी के साथ वाल्मीकि चौक से नया बाजार के रास्ते खाना देने के लिए जा रहे थे। जब वे शिवम स्कूल ड्रेस की दुकान के पास पहुंचे तो वहां से धुआं उठता हुआ देखा। उसने मामले की सूचना वाल्मीकि चौक पर तैनात पुलिस की टीम और फायर बिग्रेड को दी गई। सूचना पाकर पहुंचे दुकान मालिक शिवम मेहता ने दुकान का ताला खोला तथा वाल्मीकि चौक पर तैनात पुलिस के चारों जवानों ने लकड़ी का सामान बाहर निकालने का काम किया। इस दौरान मामले की सूचना पाकर शहर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह व डीएसपी उमेद सिंह मौके पर आए तथा लोगों का जमावड़ा नहीं होने दिया। सूचना पाकर एसडीएम नवीन कुमार, तहसीलदार प्रकाश चंद मौके पर पहुंचे तथा घटना बारे जानकारी ली।
इस बारे में प्रत्यक्षदर्शी रोबिन गर्ग ने बताया कि वह लाला छज्जूराम पहाड़िया ट्रस्ट की ओर से सेवा करते है तथा रोजाना की तरह खाना वितरण करने के लिए जा रहा था। उसने बताया कि दोपहर के समय लगभग 12 बजकर 50 मिनट पर जब वह यहां से जा रहा था तो उसने देखा कि दुकान से धुआं निकल रहा था जिसके बाद उसने पुलिस व फायर बिग्रेड को सूचना दी। उसने बताया कि फायर बिग्रेड की गाड़ी करीब 25 मिनट लेट आने से आग बढ़ गई। उसने बताया कि सूचना पाकर आए पुलिस के जवानों ने आग को बुझाने का प्रयास किया। उसने बताया कि लगभग एक घंटे कड़ी मशक्कत सेे आग पर काबू पाया है।
इस बारे में दुकान मालिक शिवम ने बताया कि लॉकडाउन के चलते उन्होंने दुकान को बंद किया हुआ था। उसने बताया कि दोपहर के समय फोन आया कि दुकान में आग लग गई है जब वह मौके पर आए तो देखा कि आग भयंकर रूप धारण कर चुकी थी। शिवम ने बताया कि स्कूलों की ड्रेस बेची जाती थी तथा पीछे गोदाम भी बनाया हुआ था। दुकान मालिक ने बताया कि दुकान में लगभग 25 लाख से अधिक का सामान था जो आग लगने से जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताते हुए सरकार से मुआवजे की मांग की है।
इस बारे में डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि शहर पुलिस के पास नया बाजार स्थित स्कूल ड्रेस की दुकान में आग की सूचना आई थी। जिसके बाद फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर एसडीएम, तहसीलदार व अन्य प्रशासन के अधिकारी पहुंचे थे।