23 दिन बाद खुली दुकानें, बाजारों में उमड़ी भीड़, बेअसर हुए दिशा-निर्देश
जिले में सोमवार को लॉकडाउन के बीच 23 दिन बाद दुकानें खुलीं। बाजारों में इतनी भीड़ उमड़ गई कि सारी व्यवस्था बिगड़ गई। बाजारों में जाम लगा रहा। सामाजिक दूरी कहीं दिखाई नहीं दी। बाजारों में दुकान खोलने का कोई फार्मूला नजर नहीं आया। सरकार के आदेश थे कि दुकानें ऑड-ईवन के हिसाब से खुलेंगी। मगर दुकानदार इसी असमंजस में रहे कि जब दुकानों के नंबर ही नहीं तो ऑड-ईवन का फार्मूला लागू कैसे करें। इस कारण पूरा बाजार ही खुला नजर आया। कुछ दुकानदार आधा शटर गिराकर काम करते दिखे। प्रशासन ने दोपहर बाद आदेश जारी किए कि मंगलवार से ऑड-ईवन नहीं, बल्कि दाएं-बाएं के फार्मूले के साथ बाजार खोले जाएंगे।
ऐसे बनी अव्यवस्था की स्थिति
किराना शॉप, मेडिकल, सब्जी व कृषि उपकरणों की दुकानें खोलने की अनुमति पहले से है। सरकार ने कहा कि बाकी की दुकानें ऑड-ईवन के हिसाब से खुलेंगी और सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक का समय मिलेगा। बाजारों में सुबह 9 बजे तक लोग नहीं आए। इसके बाद अचानक बाजारों में एक साथ ही लोग खरीदारी करने उमड़ आए। सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक खूब भीड़ रही। इतनी भीड़ आमतौर पर त्योहारों के मौके पर नजर आती है।
ऑटो मोबाइल की दुकानें आधी खुलीं
बाजार में तकरीबन सभी दुकानें खुली थीं। कुछेक कपड़े की दुकानें बंद रहीं। इसके अलावा काफी दुकानें ऑटो मोबाइल की बंद रहीं। ऑटो मोबाइल के कई दुकानदार आए हुए थे, लेकिन आधे शटर गिराकर काम कर रहे थे। ज्वेलर्स भी आधे शटर करके अंदर बैठे थे। इसी तरह कई गारमेंट्स विक्रेता भी आधा शटर गिराकर ग्राहकों को अंदर बुलाते नजर आए।
दोपहर बाद प्रशासनिक आदेशों की स्थिति हो सकी स्पष्ट
जिलाधीश डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ द्वारा जारी आदेशों की स्थिति सोमवार दोपहर बाद स्पष्ट हो सकी। जिलाधीश के आदेशानुसार बाजार से दूर कोई एक ही दुकान है तो वह पूरा दिन खुली रहेगी। मगर रात्रि कर्फ्यू के दौरान ये दुकानें बंद रहेंगी। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में बाजार में दोनों तरफ दुकानें हैं तो दायें व बायें तरफ के हिसाब से खुलेंगी। बायें तरफ की दुकानें सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को जबकि दाईं तरफ की दुकानें मंगलवार, वीरवार व शनिवार को प्रात: 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक खुली रहेंगी। सभी दुकानों के सामने सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए गोल चक्र बनवाए जाएंगे। शॉपिंग मॉल को खुलने की अनुमति नहीं है।
ऐसे हिस्सों में बांटा बाजार
रविदास चौक से माजरा रोड तक
जवाहर चौक से बीघड़ चौक
बीघड़ चौक से बीघड़ रोड
जवाहर चौक से पुलिस लाइन
मल्टी लेवल पार्किंग से शुरू होकर तुलसीदास चौक तक
रेड लाइट से भट्टूकलां रोड तक
सैन चौक से रतिया चुंगी की तरफ
लघु सचिवालय से सिरसा रोड
थाना रोड से चार मरला मार्केट तक
हंस मार्केट से जवाहर चौक व पुराना बस स्टैंड तक
लालबत्ती से फव्वारा चौक व ठाकर बस्ती तक
ठाकर बस्ती से पुरानी सब्जी मंडी व धर्मशाला रोड
धर्मशाला रोड से संन्यास आश्रम रोड तक
बस स्टैंड से शिवालय मार्केट होते हुए
बाजार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक खोले जाएं : व्यापार मंडल
व्यापार मंडल से संबंधित सभी ट्रेड यूनियनों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग रखी कि फतेहाबाद व आसपास की मंडियों के बाजार छोटे हैं। गत वर्ष भी लॉकडाउन से व्यापारियों को घाटा सहना पड़ा था। सरकार ने दुकानों का जो समय तय किया है, वह उचित नहीं है। सुबह 7 बजे ग्राहक नहीं आते। 12 बजे तक साफ सफाई ही हो पाती है। इसलिए सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक का समय करना चाहिए। बाजार रोस्टर प्रणाली की बजाय रोज खोलें जाएं क्योंकि अगर कुछ दुकानें बंद होंगी तो ग्राहक को अगले दिन फिर आना पड़ेगा, जिससे भीड़ बढ़ेगी। कपड़ा एसोसिएशन के प्रधान राजेंद्र गिल्होत्रा, रेडीमेड एसोसिएशन प्रधान प्रेम आहुजा, पंकज कुक्कड़, जनरल मर्चेंट यूनियन प्रधान राजेंद्र आहुजा, हलवाई एसोसिएशन से नरेश गिरधर, बैटरी ऐसोसिएशन के प्रधान नवीन मेहता आदि ने यह मांग रखी।
ऐसे खुलेंगे बाजार
सोमवार, बुधवार व शुक्रवार - बायीं तरफ की दुकानें
मंगलवार, वीरवार व शनिवार - दायीं तरफ की दुकानें
रविवार - बाजार बंद रहेंगे
कोट
जिले में दुकानों की नंबरिंग नहीं की हुई है। इसलिए दायें व बायें तरफ के हिसाब से दुकानों को खोलने का निर्णय लिया गया है। दुकानदार दुकानें पर सैनिटाइजर व सामाजिक दूरी की पालना करें। सब मास्क लगाकर रखें।