रतिया शहर में बस स्टैंड के पास लगे हुए कचरे के ढेर।
रतिया। शहर में डोर टू डोर कचरा उठान करने वाली एजेंसी के काम से शहरवासी काफी परेशान हो चुके हैं। इसके बावजूद भी नगर पालिका अधिकारियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। पिछले दो दिनों से डोर टू डोर एजेंसी की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में पड़े हुए डंपिंग प्वाइंट से कचरा न उठाने के कारण शहर में कचरे के ढेर लग गए हैं।
बस स्टैंड के सामने पड़े हुए कचरे के ढेर को लेकर बिट्टू कुमार, पवन, मेहर चंद, प्रदीप कुमार, रोशन, अशोक सहित दुकानदारों ने रोष भी व्यक्त किया और ठेकेदार के कार्य प्रणाली के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। दुकानदारों ने बताया कि नए बस स्टैंड के सामने ठेकेदार ने डंपिंग प्वाइंट बनाया हुआ है। यहां पर बस स्टैंड व आसपास का कचरा उठाकर एकत्रित जाता है, लेकिन पिछले दो दिनों से यहां से कचरे के ढेर को नहीं उठाया गया। इस कारण दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदारों ने कहा कि कचरे के ढेर पड़े होने के कारण सारा दिन बदबू फैली रहती है। वहीं दुकानदारों ने आरोप लगा कहा कि ठेकेदार के खिलाफ बार-बार शिकायत करने के बाद भी नगर पालिका की ओर से उसके खिलाफ कोई कार्रवाई न करना संदेह पैदा करता है। इसलिए विभाग के उच्च अधिकारियों को ठेकेदार के प्रति कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।