कैंटर से टकराई स्कॉर्पियों को कांवड़ियों ने किया क्षतिग्रस्त।
- फोटो : Fatehabad
भूना- हिसार सड़क पर गांव नहला और पाबडा के बीच मंगलवार अलसुबह कैंटर और स्कॉरपियो की भिड़ंत हो गई। जिसमें एक कांवड़िया घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना भर्ती कराया गया। उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अपने साथी के घायल होने के सूचना मिलने पर दर्जनों कांवड़ियों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया और स्कॉरपियो गाड़ी को ईट- पत्थरों और लोहे की रॉड से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू किया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की अलसुबह गांव गोरखपुर के कांवड़िये हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर टाटा 407 कैंटर संख्या एचआर 46 -1547 से आ रहे थे। तभी भूना से पाबडा की तरफ जा रही स्कॉरपियो गाड़ी के साथ केंटर की भिड़ंत हो गई। जिसमें सोनू पुत्र प्रेम कुमार कांवड़िया घायल हो गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में दाखिल कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर होते देख उसे अग्रोहा रेफर किया गया है। जब इस घटना की सूचना सहयोगी कांवड़ियों को मिली तो उन्होंने घटनास्थल पर खड़ी स्कॉरपियो क्षतिग्रस्त कर दिया। कांवड़ियों के उत्पात की सूचना एक वाहन चालक ने भूना पुलिस स्टेशन में दी। एसएचओ देवेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंच कर कांवड़ियो को शांत करवाकर कांवड़ चढ़ाने के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मौके की स्थिति का निरीक्षण कर कांवड़ियों और स्कॉरपियों सवार दोनों पक्षों के बयान लिए हैं। मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -राम कुमार, जांच अधिकारी।