फतेहाबाद के चार मरला कॉलोनी में कैफे पर जांच करते हुए पुलिस टीम स्त्रोत पुलिस विभाग
फतेहाबाद। चार मरला कॉलोनी स्थित रोज कैफे में शुक्रवार दोपहर को पुलिस ने छापा मारा। करीब चार घंटे तक पुलिस की कार्रवाई चली। टीम को कैफे में चार शादीशुदा महिलाएं मिलीं। टीम की जब कार्रवाई खत्म हुई तो 6 से 7 लड़कियां और दो से तीन लड़कों को साथ लेकर गई। इनके पास स्कूल बैग थे जिनमें किताबें मिलीं हैं।
इस कार्रवाई के दौरान डीएसपी संजय कुमार, महिला थाना प्रभारी मंजू सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मी पहुंचे। महिला थाने में छात्राओं के परिजनों को बुलाया गया। परिजनों के आने के बाद छात्राओं और लड़कों को छोड़ दिया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि कैफे संचालक और काउंटर पर बैठने वाला युवक देह व्यापार करवाते थे। इस कैफे का संचालक डीएसपी रोड निवासी दीपक गोस्वामी है।
इसके बाद डीएसपी संजय कुमार के नेतृत्व में टीम भेजी गई। जांच के दौरान टीम को मिला कि यहां पर महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार करवाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक कैफे में बाहर से लड़कियां बुलाकर देह व्यापार करवाया जाता है। जांच के दौरान काउंटर पर कबीर बस्ती निवासी युवक अजय कुमार मिला। वहां चार महिलाएं भी मौजूद थी। जिनमें से एक रतिया और दूसरी हिसार जिले के निवासी हैं जबकि दो अन्य पंजाब के अमृतसर और मानसा जिले की रहने वाली हैं। पंजाब और रतिया वाली तीनों रतिया में ही किराये पर मकान लेकर रही हैं।
-
50 फीसदी हिस्सा महिलाओं को मिलता, बाकी कैफे संचालक रखता
इन महिलाओं से यहां देह व्यापार करवाया जाता था। ग्राहकों को बुलाया जाता था। इसके बाद कमाई का 50 फीसदी हिस्सा इन महिलाओं को मिलता था जबकि बाकी 50 फीसदी में से आधा कैफे संचालक दीपक गोस्वामी और काउंटर पर बैठने वाला युवक अजय रखते थे।
-
पुलिस को सूचना मिली थी कि कैफे में देह व्यापार करवाया जा रहा है। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो चार महिलाएं मिलीं जो कि बाहर से बुलाई गई थी। मामले में संचालक और काउंटर पर मौजूद युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
- संजय कुमार, डीएसपी