टोहाना। लोक निर्माण विभाग की ओर से नेशनल हाईवे 148 बी का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके कारण ठेकेदार ने दुकानों के आगे बने मैनहोल को दबा दिया है। इससे आमजन व दुकानदारों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों में इससे रोष फैला है और उन्होंने सरकार व प्रशासन से इस मुद्दे पर ध्यान देकर हल करने की मांग की है।
इस मामले को लेकर लोक निर्माण विभाग के जेई अंकुश ने कहा कि समस्या का हल करने के लिए ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं। दुकानदार अशोक, सुनील, विनोद ने बताया कि इस सड़क को बनाते समय कोई लेवल नही लिया गया और न ही निर्माण सामग्री को ठीक से डाला गया है। उन्होंने बताया कि दुकानदारों के पानी निकासी के मैनहोल बनाए गए थे, जिन्हें नीचे दबा दिया गया।
पहले बारिश के समय मैनहोल में पानी चला जाता था, लेकिन अब नीचे दबने से पानी की निकासी नही होगी। यह पानी सड़क पर जमा हो जाएगा और आमजन को परेशानी होगी। उन्होंने बताया कि अब अपने आर्थिक खर्चे पर इस लेंटर को तोड़कर सीवरेज मैनहोल ऊपर करवाने होंगे, इसके लिए ठेकेदार व विभाग को पहले तैयारी करनी चाहिए थी। दुकानदारों ने कहा कि ठेकेदार की ओर से सीवरेज को लेकर कोई निशान भी नही लगाया ताकि आसानी से सीवरेज मैनहोल मिल जाए।
-
ठेकेदार ने मनमर्जी करते हुए सीवरेज मैनहोल को बंद कर दिया गया और सड़क का लेवल ठीक नही किया गया। सीवरेज के ढक्कनों को नीचे दबाने से सीवरेज की सफाई नही होगी, जिससे यह समस्या गंभीर हो जाएगी। जनस्वास्थ्य विभाग की टीम बिना सीवरेज का पता चले कैसे सफाई कर पाएगी।
- अशोक कुमार, दुकानदार
सड़क को बनाते समय सरकार के नियमों की ठेकेदार की ओर से जमकर अवहेलना की गई और न ही किसी दुकानदार से बातचीत की। इससे उनके सीवरेज के ऊपर लेंटर लगा दिया। अब इन सीवरेज को ढक्कन को बाहर निकालने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
- सुरजीत सिंह, दुकानदार
वर्जन : सड़क बनाने से जो सीवरेज दब गए हैं, ठेकेदार से बातचीत की गई है। दबे हुए सीवरेज को ऊपर लाया जाएगा। दुकानदारों की समस्या का हल किया जाएगा।
- अंकुश आहूजा, जेई, लोक निर्माण विभाग