टोहाना। ट्रक में गेहूं की सैकड़ों बोरियां लोड करके राजस्थान के लिए चले ट्रक के गायब होने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना शहर पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवक की पहचान राजस्थान के चिड़ावा निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है।
आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में ट्रक मालिक राजस्थान के झुंझुनू के गांव बृजलालपुरा निवासी अरविंद सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। थाना शहर प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने इस बारे 14 जून को गांव हमजापुर निवासी विरेंद्र सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने एफसीआई रोड ट्रांसपोर्ट का टेंडर लिया है, 29 मई को उसने अरविंद व उसके पिता धर्मपाल से संपर्क कर अपना माल राजस्थान के बारां पहुंचाना था।
इसके बाद आरोपी हैफेड गोदाम से 696 बैग गेहूं अपनी गाड़ी में लोड करके एफसीआई बारां के लिए चले थे। उसने किराये के तौर पर 35 हजार 875 भी ट्रांसफर कर दिए थे। इसके बाद से ट्रक मालिक अरविंद व धर्मपाल दोनों माल सहित गायब हो गए थे। इस बारे पुलिस ने केस दर्ज कर जांच अधिकारी एसआई बलवान सिंह ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।