भाखड़ा नहर पर चलता लाइनिंग का कार्य
टोहाना। करोड़ों रुपये की लागत से भाखड़ा नहर के दोबारा निर्माण कार्य का मंगलवार को नहरी विभाग के सर्कल इंजीनियर राजेश बिश्नोई ने निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्हें अनेक खामियां मिली, जिसके बाद मौके पर मौजूद विभाग के अधिकारियों को फटकार भी लगाई है।
विभाग के कार्यकारी अभियंता श्याम ढींगड़ा, एसडीओ को पत्र जारी कर कुछ जगह पर कार्य शुरू न होने तथा जहां काम शुरू हुआ है वहां कार्य गति धीमी होने पर भारी नाराजगी जताई है।
सर्कल इंजीनियर राजेश बिश्नोई ने कहा कि निरीक्षण में पाया गया कि लाइनिंग का कार्य को आरडी 20500 से 22500, 22500 से 24500, 24500 से 26337, 26337 से 28500, 28500 से 30500 और 30500 से 32500 तक अभी तक शुरू भी नहीं किया गया है।
कार्यकारी अभियंता और एसडीओ को निर्देश दिया जाता है कि वे क्लोजर कार्य होने के कारण तत्काल इसे शुरू करवाए, क्योंकि क्लोजर को किसी भी कीमत पर आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरडी 14500 से 16500, तथा 18500 से 20500 तक जो कार्य शुरू किया गया है उसकी रफ्तार भी धीमी है।
पत्र में कहा कि उक्त कार्य की प्रगति में तेजी लाई जाए और सभी रिचो पर लाइनिंग कार्य अविलंब शुरू किया जाए ताकि कार्य को निर्धारित समय अवधि में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की देरी होती है तो गंभीरता से लिया जाएगा और इसके लिए आपका कार्यालय जिम्मेदार होगा।