खाई-कलोठा पुल पर दरारों की शिकायत पर मौके का निरक्षण करते हुए सिंचाई विभाग के एसडीओ राजेेेंद्र
रतिया। गांव खाई की पंचायत और ग्रामीणों की ओर से जिला उपायुक्त को घग्गर नदी के ऊपर बन रहे पुल के रैंप की दीवारों में दरारें और अन्य खामियों की शिकायत किए जाने के बाद मंगलवार को सिंचाई विभाग के एसडीओ राजेंद्र कुंडू ने वहां का निरीक्षण किया। इस दौरान ठेकेदार नरेंद्र सिंह और गांव खाई के ग्रामीणों को भी मौके पर बुलाया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि जिन दरारों की शिकायत की जा रही है, वे दरारें नहीं बल्कि ज्वाइंट हैं। ग्रामीणों ने कहा कि यदि वह ज्वाइंट हैं तो उनमें रबर लगी होनी चाहिए। इस पर अधिकारियों ने ज्वाइंट में रबर न होने की शिकायत वाले हिस्से का भी निरीक्षण किया।
अधिकारियों का कहना था कि सामान्यत: उस स्थान पर रबर नहीं लगाई जाती, फिर भी पुल की ड्राइंग चेक की जाएगी और यदि ड्राइंग में रबर का प्रावधान हुआ तो उसे उन्हें लगवा दिया जाएगा। वहीं कलोठा की तरफ रैंप की कम चौड़ाई की शिकायत पर एसडीओ कुंडू ने बताया कि रैंप के आगे पंचायत की सड़क है। इस संबंध में पंचायत को पत्र लिखकर पैमाइश करवाने को कहा जाएगा।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाई गांव के सरपंच को भी बुलाया गया था, लेकिन वे मौके पर नहीं पहुंचे। मौके पर पहुंचे नंबरदार और अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में ठेकेदार को बुलाकर पुल की जांच करवाई गई। फिलहाल किसी तरह की दरारें सामने नहीं आई हैं, लेकिन जो भी समस्या होगी, उसे हल करवाया जाएगा। हालांकि ग्रामीणों ने कहा कि वे इस जांच से संतुष्ट नहीं हैं। वे जल्द ही गांव में बैठक कर अगला निर्णय लेंगे और जरूरत पड़ने पर संबंधित विभाग के मंत्री से भी मिलेंगे।