नागरिक अस्पताल में दवाइयां के स्टॉक रजिस्टर की जांच करते एसडीएम सुरेंद्र सिंह।
रतिया। एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने मंगलवार को नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अस्पताल में छत पर चढ़कर वहा रखी गईं पानी की टंकियों की भी जांच कर उनकी समय पर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने शौचालय व अन्य जगहों पर सफाई व्यवस्था पर नाराजगी दिखाई तथा सप्ताह भर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
वहीं निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नशा मुक्ति केंद्र सहित विभिन्न वार्डों का दौरा किया और भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से इलाज, दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों व स्टाफ के व्यवहार तथा अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल में मिल रही सेवाओं पर संतोष जताया वहीं कुछ ने अपनी समस्याएं भी रखीं जिनका उन्होंने मौके पर ही संज्ञान लिया।
एसडीएम ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्टाफ को निर्देश दिए कि वे अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएं तथा मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखें।
लापरवाही करने पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने, दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक उपकरणों के सुचारु संचालन के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं, ओपीडी व्यवस्था सहित विभिन्न वार्डों का भी विशेष रूप से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। एसडीएम ने कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।