फतेहाबाद। शहर पुलिस ने एक 13 वर्षीय मानसिक दिव्यांग बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलवाया है। एसपी निकिता ने इस कार्य के लिए राइडर टीम की सराहना की है।
पुराना बस स्टैंड पर तैनात टीम को स्कूल की छात्राओं ने सूचना दी कि बस से उतरा एक बच्चा लगातार रो रहा है और अपना पता बताने में असमर्थ है। बच्चा काफी घबराया हुआ था और केवल अपने पिता का नाम विजय बता पा रहा था। पुलिस टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्चे को संभाला और उसकी फोटो तुरंत सोशल मीडिया ग्रुप्स में साझा की।
इस पर गांव भोडिया खेड़ा में तैनात होमगार्ड के जवान ने बच्चे की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस ने परिवार से संपर्क कर उन्हें बस स्टैंड बुलाया। बच्चे के पिता विजय कुमार ने बताया कि बेटा कुलदीप अनजाने में बस में चढ़कर घर से दूर निकल गया था। वेरिफिकेशन के बाद पुलिस ने बच्चे को परिजनों के सुपुर्द किया। बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने जिला पुलिस का आभार व्यक्त किया।