तलवाड़ा-कुला रोड पर पुल के नीचे गिरी स्कूल वैन।
जाखल। तलवाड़ा-कुला रोड पर वीरवार दोपहर बाद टोहाना से आ रही प्राइवेट स्कूल की वैन पुल से नीचे गिर गई। वैन में सवार छह विद्यार्थी बाल-बाल बच गए। तीन विद्यार्थियों को हल्की चोटें आई हैं जबकि चालक को अधिक चोटें होने के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सूचना पाकर जाखल पुलिस के अलावा अभिभावक भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार टोहाना के ऋग्वेदा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थी स्कूल से कोचिंग लेकर टाटा एस वैन में सवार होकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान जाखल-कुलां रोड पर गांव तलवाड़ा के पास बारिश के पानी की निकासी के लिए बनाए गए नाले के पुल के ऊपर से यह वैन अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। वैन चालक चांदपुरा निवासी बिंद्र सिंह को इसमें गंभीर चोटें लगी हैं। जबकि तीन बच्चों को मामूली चोटें लगीं। बताया जा रहा है कि इन विद्यार्थियों को मेडिकल की स्पेशल कोचिंग के लिए छुट्टियों में भी स्कूल बुलाया जा रहा था। घायल विद्यार्थियों में दो छात्राएं और एक छात्र शामिल है। इनको सीएचसी लाया गया और प्राथमिक उपचार देकर चिकित्सकों ने घर भेज दिया। बाकी तीन विद्यार्थियों को अभिभावक अपने साथ ले गए।
चालक को सिर व रीढ़ की हड्डी में लगी चोट
जाखल सीएचसी के डॉ.कमलदीप ने बताया कि दोपहर को सरकारी अस्पताल में तीन विद्यार्थियों को लाया गया था। उनको प्राथमिक उपचार कर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। वैन चालक को सिर, रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है और उसे सांस लेने में दिक्कत थी। इसलिए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
:: फिलहाल घायल विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई है। घायल चालक बिंद्र सिंह को रेफर कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। चालक के भी बयान लिए जाएंगे।
-विक्रम सिंह, प्रभारी, जाखल थाना