मामले की जानकारी देते हुए हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन डा. रविन्द्र बलियाला
रतिया। हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन डॉ. रविंद्र बलियाला ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लोगों की शिकायतों को सुनने के लिए बुधवार को बैठक बुलाई थी। इसमें अधिकारियों ने खुद न आकर लिपिकों को भेज दिया। इस पर डॉ. रविंद्र बलियाला काफी नाराज हुए और उन्होंने जिले के अधिकारियों पर आयोग को गंभीरता से न लेने सहित अन्य आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि कमीशन इस मामले में कड़ा संज्ञान लेगा। मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भेज कर हर संभव कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले के डीसी व एसपी आयोग को सहयोग नहीं कर रहे हैं और जिले के अधिकतर विभाग अध्यक्ष मीटिंग में नहीं पहुंच रहे हैं। पंचकूला मुख्यालय पहुंचकर जिले के डीसी व एसपी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।
बैठक को किया रद्द :
अधिकारियों के उपस्थिति न होने पर डॉ. रविंद्र बलियाला ने बैठक को रद्द कर दिया। इसके बाद चेयरमैन डॉ. रविंद्र बलियाला ने कहा कि उनके कार्यालय की ओर से पूर्व में ही जिलाधिकारी को आयोग के ग्रामीण शहरी क्षेत्र में आमजन व अनुसूचित जाति के लोगों की समस्याओं को सुनने को लेकर उनके दौरे की सूचना दी गई। इसके तहत वह पिछले दो दिनों से ग्रामीण क्षेत्र में जन समस्याओं को सुन रहे थे। बुधवार को भी बैठक बुलाई गई थी। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सब डिवीजन अधिकारी के अलावा एसडीएम, डीएसपी, बीडीपीओ सहित अन्य सबडिवीजन लेवल के अधिकारी तक नहीं आए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने सरकार के आदेशों के विपरीत कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं के उनके दौरे को लेकर प्रचार करना भी उचित नहीं समझा।
पुलिस प्रशासन पर ज्यादा खफा दिखे चेयरमैन :
चेयरमैन डॉ. रविंद्र बलियाला ने पुलिस अधीक्षक पर प्रोटोकॉल के तहत सिक्योरिटी मुहैया न करवाने के आरोप लगाए। वहीं बैठक में डीएसपी सहित किसी भी पुलिस अधिकारी के न आने पर वे काफी खफा दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि डीएसपी अनुसूचित जाति की शिकायतों के मामले में जांच अधिकारी होता है, लेकिन बैठक में डीएसपी को नहीं भेजा गया। स्थानीय एसएचओ या अन्य कोई पुलिस अधिकारी भी बैठक में नहीं आए।
मात्र नौ विभागों के कर्मचारी पहुंचे :
डॉ. रविंद्र बलियाला ने कहा कि उनकी बैठक में 20 से ज्यादा विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं। बुधवार को रखी गई बैठक में मात्र 9 विभागों के कर्मचारी ही पहुंचे। जिनमें लोक निर्माण विभाग के एसडीओ संदीप सचदेवा सहित तहसीलदार अशोक कुमार सहित अन्य विभागों ने लिपिक ही भेज दिए। उन्होंने बताया कि तहसील वेल्फेयर से कंवल सिंह, एसईपीओ महेंद्र सिंह, हरियाणा हाउसिंग फाइनेंस डेवलपमेंट कॉरपोरेशन से क्लर्क ओमपाल, जिला सोशल वेलफेयर से क्लर्क सोनम रानी बैठक में पहुंचे।