जाखल में सरपंच के घर के बाहर ट्रक में आग लगाते हुए युवक सीसीटीवी में नजर आते हुएस्त्रोत सोश
जाखल। नशे के विरुद्ध जाखल गांव में मुहिम चला रहे सरपंच के घर के बाहर खड़े ट्रक पर दो युवकों ने शनिवार-रविवार रात 2 बजे ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। युवकों की ये घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सरपंच अर्जुन के चाचा दुलाराम ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। दुलाराम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि रात के समय दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और उन्होंने घर के बाहर खड़े ट्रक के टायरों पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। दुलाराम के अनुसार करीब छह माह पहले भी बदमाशों ने सरपंच के घर पर पथराव किया था। इन सब वारदात का कारण सरपंच की ओर से गांव में नशे के खिलाफ मुहिम चलाया जाना है। नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले लोग उनकी मुहिम से खफा हैं और उसी के विरोध में वे इस तरह की वारदात अंजाम दे रहे हैं।
दूसरी तरफ वारदात की सूचना मिलते ही जाखल थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। दुला राम ने बताया कि रात को उन्होंने अपना ट्रक घर के पास जाखल कुलां रोड़ पर खड़ा किया था। रात करीब सवा दो बजे उन्हें राहगीरों से ट्रक में आग लगने की सूचना मिली।
इस पर वे मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग को बुझाया। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखी। उसमें नजर आया कि पल्सर बाइक सवार दो युवक ट्रक पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गांव को नशा मुक्त करने की कड़ी में उन्होंने दो दिन पहले ही बैठक कर, ग्रामीणों को नशा विरोधी मुहिम में सहयोग देने की अपील करने के साथ ही नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी दी थी। उसी का परिणाम ये वारदात हैं।
-
पहले हो चुका पथराव
करीब 6 महीने पहले भी बदमाशों ने सरपंच अर्जुन के घर पर पथराव कर दिया था। उस मामले की शिकायत भी जाखल थाना में दी गई थी। पुलिस अभी तक उस मामले को सुलझा नहीं पाई है। दुलाराम ने सरकार व पुलिस प्रशासन से उनके गांव में नशा तस्करों पर नकेल कसने व ट्रक में आग लगाने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।