फतेहाबाद। पिछले चार दिनों से सरल पोर्टल बंद रहने के कारण कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) के आवेदन करने के इच्छुक युवा काफी परेशान हैं। कारण, सीईटी के आवेदन के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने जाति प्रमाणपत्र एक अप्रैल 2025 के बाद का मांगा है।
सर्वर पर ट्रैफिक बढ़ने से यह सही से काम नहीं कर रही है। दिनभर आवेदक मैरिज, आय, जन्म, मृत्यु, जाति, रिहायश प्रमाणपत्र तक के लिए आवेदन नहीं हो पाए। पोर्टल बंद होने से विभिन्न प्रकार की जरूरी 20 से अधिक योजनाओं के आवेदन अटके पड़े रहे। सरल पोर्टल की सेवा ठप होने से जाति प्रमाणपत्र नहीं बन रहे हैं। पोर्टल में किसी भी आप्शन में अप्लाई करने और लॉग-इन आईडी पासवर्ड डालने के बाद पोर्टल नहीं खुल रहा है। जानकारी एंटर करते ही प्रोसेसिंग चलती रहती है।
बता दें कि ग्रुप-सी में कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 मई से प्रारंभ हो चुकी है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 जून रात 11:59 बजे तक निर्धारित की गई है, जबकि शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 14 जून शाम 6 बजे तक है।
पोर्टल पर आवेदन करने वालों को आते हैं अलग-अलग मैसेज
सरल पोर्टल पर आवेदन करने के बाद आवेदक के पास अलग-अलग मैसेज आ रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। अगर कोई व्यक्ति आय प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करता है, तो उसके पास आय प्रमाण पत्र बनने का मैसेज तो आ रहा है, लेकिन जब वह सरल पोर्टल पर जाकर प्रमाणपत्र की कॉपी निकलवाने का प्रयास करता है तो पोर्टल पर आय प्रमाणपत्र बनने का काम जारी है, दिखा रहा है। इससे आवेदकों को काफी परेशानी हो रही है।
सीईटी के आवेदन के लिए सरकार की ओर से जाति प्रमाण एक अप्रैल के बाद के मांगे गए हैं, जिस कारण उन्होंने जाति प्रमाणपत्र के लिए फिर से आवेदन किया है। पोर्टल सही से काम नहीं करने के आवेदन करने में दिक्कत आ रही है।
- सुनील कुमार, निवासी मेहूवाला।
-
सरल पोर्टल के बंद होने के कारण उनके द्वारा आवेदन किया हुआ जाति प्रमाणपत्र डाउनलोड नहीं हो पा रहे हैं, जिस कारण वे सीईटी के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। अंतिम तिथि भी नजदीक आ रही है।
- पंकज, निवासी मानावली।
-
पिछले चार दिनों से पोर्टल बंद होने के कारण जाति प्रमाणपत्र के लिए आवेदन नहीं कर पा रहा हूं। अगर प्रमाण पत्र नहीं बना तो आवेदन भी नहीं होगा। पिछले चार दिनों से गंभीर परेशानी आ रही है।
- पवन कुमार, निवासी भूथन कलां।
चार दिनों से पोर्टल में खराबी के कारण जाति प्रमाणपत्र के लिए आवेदन नहीं हो पा रहा है। इसके बनने में भी करीब दो से तीन दिन का समय लग रहा है। ऐसे में तो काफी बच्चे सीईटी के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे।
- ममता, निवासी भिरड़ाना।
-
दोपहर के समय पोर्टल चल रहा था, मैंने खुद पोर्टल पर होने वाले कई काम किए है, हालांकि मुख्यालय की ओर से सोमवार को शाम 4 से 6 बजे तक फिर से पोर्टल पर मरम्मत कार्य के चलते बंद किया गया था। जिसकी सूचना पोर्टल पर दर्शाई गई थी।
- रमेश शर्मा, जिला सूचना अधिकारी एनआईसी, फतेहाबाद।