फतेहाबाद/टोहाना। सरकार की ओर मानी गईं मांगों को लागू न करने से नाराज नगर परिषद कर्मचारियों ने नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर फतेहाबाद इकाई के सफाई कर्मचारियों ने मुख्य बाजारों में उल्टे झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया। संगठन की 7 जुलाई को जिलास्तरीय रैली का आयोजन कर सरकार तक आवाज पहुंचाई जाएगी
प्रदर्शन की अध्यक्षता इकाई प्रधान नरेश राणा ने की, जबकि मंच संचालन सचिव ओम प्रकाश लोट ने किया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए इकाई प्रधान नरेश राणा ने कहा कि सरकार ने लिखित सहमति के डेढ़ महीने बाद भी मांगों को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि कि इस लिखित सहमति को बीते डेढ़ महीना से ज्यादा का वक्त हो चुका है लेकिन सरकार ने अब तक कोई पत्र जारी नहीं किया है।
कर्मचारियों ने कहा कि 7 जुलाई को होने वाली रैली में पूरे जिले के कर्मचारी हिस्सा लेंगे। प्रदर्शन में मुख्य रूप से राज्य वरिष्ठ उप प्रधान रमेश तुषामड़, जिला प्रधान विजय ढाका, कोषाध्यक्ष वीरू रत्ती, सहसचिव गुरदयाल भट्टी, उप प्रधान अमित गिल, ओम प्रकाश, सत्यवान टॉक, राज राम सहित सफाई कर्मचारी और यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।
उधर टोहाना में नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के बैनर तले बुधवार कोसफाई कर्मचारियों ने हाथों में उल्टे झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया। नगर परिषद कार्यालय से वाल्मीकि चौक तक प्रदर्शन किया गया। संघ की टोहाना इकाई के प्रधान रविन्द्र, सचिव कुलदीप व कोषाध्यक्ष सुभाषचंद्र के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पे-रोल के सफाई कर्मचारी व सीवरमैनों को पक्का करने की मांग उठाई गई।
साथ ही हरको, एचकेआरएन व अन्य ठेकों पर लगे तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कच्चे कर्मचारियों के लिए नीति बनाकर पक्का करने और पक्का होने तक 30 हजार रुपये मासिक वेतन देने की मांग रखी। संघ ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो 6, 7 और 8 अगस्त को तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल की जाएगी।