फतेहाबाद में साझा बाजार की दुकानों के आगे हुआ अतिक्रमण। संवाद
फतेहाबाद। शहर के थाना रोड पर सांझा बाजार में महिलाओं की ओर से चलाई जा रही दुकानें पहली दिवाली से पहले ही बंद होने की कगार पर पहुंच गईं हैं। इससे वहां काम करने वाली महिलाओं में निराशा है। इन महिलाओं ने मुनाफे की उम्मीद में ये दुकानें शुरू की थीं, लेकिन इनके आगे हो रहे अतिक्रमण से वे काफी परेशान हैं।
सांझा बाजार की दुकानें नगर परिषद की ओर से कार पार्किंग की जगह पर चलवाई जा रही थीं, जिससे वहां अतिक्रमण की स्थिति बन गई। महिला दुकानदार सुमित्रा ने बताया कि दुकानों के आगे अतिक्रमण होने से ग्राहकों की आवाजाही कम रही है, इससे उनकी बिक्री पर असर पड़ रहा है। इसके बारे में जब नगर परिषद के सीईओ को शिकायत दी गई तो उन्होंने कहा कि दिवाली के बाद कोई समाधान करेंगे।
वहीं अन्य कर्मचारियों ने कहा की आपको सिर्फ दुकानों के अंदर सामान रखने की अनुमति है। बाहर सामान रखने का अधिकार नहीं है। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर और उम्मीदों के साथ व्यापार शुरू किया था, लेकिन ग्राहक नहीं पहुंचने और नगर परिषद की उदासीनता के कारण उनकी बिक्री पर असर पड़ रहा है।