कोच के साथ विजेता बॉक्सिंग खिलाड़ी। स्रोत : स्कूल
टोहाना। शहर के आजाद नगर स्थित बजरंग मॉडल स्कूल और बजरंग बली स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ी सचिन ने तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सचिन 6 अगस्त से नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेगा।
स्कूल में पहुंचने पर सचिन का स्कूल निदेशक विनय वर्मा और प्रिंसिपल अंजू वर्मा की ओर से सम्मानित किया गया। विनय वर्मा ने बताया कि हिसार में 24 जुलाई से तीन दिवसीय तीसरी सब जूनियर प्रदेशस्तरीय लड़के और लड़कियों की बॉक्सिंग चैंपियनशिप हुई। इस प्रतियोगिता में बजरंग मॉडल स्कूल के होनहार विद्यार्थी तथा बजरंगबली बॉक्सिंग अकेडमी के मुक्केबाज सचिन कुमार ने 43 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीत कर इतिहास रचा।
कोच महेश कुमार डांगरा ने बताया कि सचिन कुमार शहर के अंबेडकर चौक का रहने वाला है उनके पिता सुदेश कुमार जोकि मजदूरी करते हैं। वे अपने बेटे को 4 साल से बजरंगबली बॉक्सिंग अकादमी में भेज रहे है ओर सचिन अपनी लगन से बॉक्सिंग का अभ्यास सुबह व शाम कर रहा है। बजरंग मॉडल स्कूल संचालक विनय वर्मा ने सचिन कुमार की इस सफलता का श्रेय कोच महेश कुमार डांगरा को दिया। विनय वर्मा ने बताया सचिन कुमार ने पिछले साल आरईसी कंबाइंड नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था। स्कूल स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी रजत पदक हासिल किया था।