भूना। भूना में आरोपियों को पैदल हथकड़ियों में बाजारों से पुलिस की निगरानी में गुजरते हुए पांचो
भूना। सचिन हत्याकांड में पकड़े गए पांच आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को बाजारों में पैदल घुमाया। हथकड़ी लगे बदमाशों को देखने के लिए लोग घरों-दुकानों से बाहर निकल आए। पुलिस ने इनसे घटनास्थल की निशानदेही कराई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों को निशानदेही के लिए ले जाते समय पुलिस वाहन में तकनीकी खराबी आ गई थी। इस पर उन्हें पैदल ही अलग-अलग जगह ले जाकर निशानदेही करवाई गई। आरोपियों को शहीद उधम सिंह चौक से लेकर उकलाना रोड, नया बाजार, हिसार रोड, टेलीफोन एक्सचेंज, राजकीय कन्या महाविद्यालय वाली गली, पुराना बाजार और दादा खेड़ा वाली गली होते हुए पुलिस स्टेशन तक ले जाया गया।
आरोपियों को करीब चार किलोमीटर पैदल घुमाया गया। पांच में से तीन आरोपियों का मुंडन भी हो रखा था। थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि खैरी चौक निवासी प्रवेश उर्फ मिचू, कंबोज मोहल्ला निवासी कार्तिक उर्फ कारू, दीपक उर्फ बिल्ला, वार्ड 1 निवासी संजय उर्फ चिड़ीमार तथा वार्ड 9 निवासी अमन को सचिन उर्फ चिन्ना हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी सचिन का अपहरण कर हिसार रोड पर ले गए और वहां मारपीट के बाद चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक के चाचा कृष्ण कुमार की शिकायत पर पुलिस ने 10 नामजद सहित 25 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।पहली बार निकाला जुलूस आरोपियों को हथकड़ियां लगाकर पैदल बाजार में घुमाना लोगों में चर्चा का विषय बन गया। भूना में ऐसा पहली बार हुआ जब आरोपियों को इस तरह बाजारों में घुमाया गया है। कई लोगों ने इसे अपराधियों में कानून का भय पैदा करने वाली कार्रवाई बताया। व्यापारियों और दुकानदारों ने भी पुलिस की सख्ती की सराहना की। डीएसपी नर सिंह बिश्नोई और डीएसपी कुलवंत सिंह स्वयं पुलिस स्टेशन से निगरानी बनाए हुए थे।
-
परिवार और गवाहों को दी सुरक्षा
सचिन हत्याकांड के बाद उसके घर के बाहर पीसीआर तैनात कर दी है ताकि परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वहीं भांभू गैंग से प्रभावित लोगों को भी सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। ठेकेदार पंकज खुराना हत्याकांड के मुख्य गवाह ठेकेदार राजेश उर्फ राजा तथा गोरखपुर क्षेत्र के ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा को पुलिस सुरक्षा दी है। राजकुमार पर भांभू गैंग के मुख्य सरगना विक्रम भांभू और उसके साथियों द्वारा पूर्व में कई बार जानलेवा हमले किए जा चुके हैं।