भट्टूकलां। भटटूकलां पुलिस ने सरस्वती फैक्टरी संचालकों पर 42 लाख रुपये न लौटने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 406, 506, 34 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में हिसार निवासी विरेश कुमार के बताया कि वह उत्तर प्रदेश के नोएडा में सर्विस करता है। अप्रैल 2014 में भटटूमंड़ी निवासी राजेंद्र प्रसाद बंसल ने उसके पिता एचआर गुप्ता से संपर्क कर कहा कि भट्टूमंडी की मैसर्ज सरस्वती कॉटन जिनिगं प्रोसेसिंग एंड ऑयल मिल है। इसमें उसकी पत्नी सरोज बंसल पार्टनर है। इसी फैक्टरी में सुदेश पत्नी नरेश कुमार, मन्नी देवी पत्नी राधेश्याम व अमित पुत्र राधेश्याम भी पार्टनर हैं। इस फर्म को रुपयों की सख्त जरूरत है। इस फर्म को 50 लाख रुपये दे दो तो आपको 15 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित यह राशि वापस अदा कर देंगे। शिकायतकर्ता ने कहा कि फैक्टरी संचालकों पर विश्वास करते हुए उसने 42 लाख रुपये दे दिये। मार्च 2018 में जब रुपये मांगे तो उन लोगों ने रुपये देने से इनकार कर दिया और धमकियां देनी शुरू कर दीं। उसके बाद जनवरी 2019 को यह जांच आर्थिक अपराध शाखा फतेहाबाद द्वारा की गई। जांच के बाद सरोज बंसल पत्नी राजेंद्र प्रसाद, सुदेश पत्नी नरेश कुमार, मन्नी देवी पत्नी राधेश्याम, अमित पुत्र राधेश्याम व राजेंद्र प्रसाद पुत्र नंदराम बंसल के खिलाफ 42 लाख रुपये हड़पने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने धारा 406, 506, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी मनदीप सांगवान ने कहा कि पुलिस ने तीन महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ अमानत में खयानत डालने व धमकी देने का मामला दर्ज किया है।