फतेहाबाद। नगर परिषद में सोमवार को होने वाले सद्बुद्धि यज्ञ को लेकर बवाल शुरू हो गया है। चुनिंदा पार्षदों ने दोपहर को उपप्रधान सविता टुटेजा के पति के प्रतिष्ठान पर बैठक की। इस बैठक में पार्षदों ने कहा कि वह नगर परिषद कार्यालय में सद्बुद्धि यज्ञ नहीं होने देंगे। पार्षदों की आपस में कोई लड़ाई नहीं है। विजय सहारण ब्रांड एंबेसडर हैं और उन्हें अपने काम की तरफ ध्यान देना चाहिए। उन्हें यहां यज्ञ करने की अनुमति नहीं है। इसको लेकर अधिकारियों से बात की जाएगी।
वहीं पार्षदों के बयान आने के बाद बाबा श्याम वेल्फेयर सोसायटी के प्रधान और स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर विजय सहारण ने कहा कि कार्यालय में यज्ञ होकर रहेगा और किसान संगठन के नेता भी शामिल होंगे। शहर के विकास के लिए ये यज्ञ करवाया जा रहा है। नगर परिषद कार्यालय में 30 जनवरी को पेमेंट अप्रूवल कमेटी की बैठक के दौरान पार्षदों के हंगामे के बाद सोशल मीडिया पर आकर विजय सहारण ने बयान दिया था कि शहर के डेढ़ साल से विकास कार्य रूके हैं और जो इसमें अड़चन बने है उन्हें सद्बुद्धि के लिए 5 फरवरी को यज्ञ होगा।
मीटिंग में हंगामा करने वाले पार्षद बोले हम एकजुट
नगर परिषद उपप्रधान सविता टुटेजा के प्रतिष्ठान पर पार्षद रविंद्र मेहता, चंद्रभान, सुभाष नायक, अर्जुन कटारिया, रमेश गिल्होत्रा, प्रतिनिधि पंछी ने आपस में बैठक करके मीडिया में बयान दिया कि वह सब एकजुट है। जबकि 30 जनवरी को बैठक के दौरान पेमेंट अप्रूवल कमेटी का सदस्य बनने के लिए पार्षद रमेश गिल्होत्रा और अर्जुन कटारिया एक-दूसरे के साथ खींचतान करते दिखे थे।
वोटिंग पर संशय, सर्वसम्मति का दावा
नगर परिषद कार्यालय में पेमेंट अप्रूवल कमेटी को लेकर वोटिंग के लिए 6 फरवरी को बैठक बुलाई गई है। लेकिन नगर परिषद प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची ने फिर दावा किया है कि सर्वसम्मति से चुना जाएगा। पिछली बैठक में पार्षद रमेश गिल्होत्रा ने दावेदारी करते हुए कहा था कि वह इसको लेकर मेहनत कर चुके हैं इसलिए उन्हें बनाया जाए। बैठक में प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची ने भी चार नाम 6-6 माह के लिए रखे थे लेकिन इस पर उपप्रधान पक्ष ने सहमति नहीं जताई थी।
कोट
नगर परिषद कार्यालय में सद्बुद्धि यज्ञ सोमवार को होकर रहेगा। शहर में विकास कार्य नहीं हो रहे है और जनता परेशान है। यज्ञ में किसान संगठन के नेता भी पहुंचेगे। शहर के लोग भी यज्ञ में पहुंचकर आहुति डालेंगे।
- विजय सहारण, प्रधान, बाबा वेल्फेयर सोसायटी
कोट
नगर परिषद एक हाउस है, कोई बाहर का व्यक्ति आकर सद्बुद्धि यज्ञ नहीं रख सकता है। अगर उसने कोई यज्ञ करवाना है तो वह बाहर करवाएं। यज्ञ को लेकर मामला संज्ञान में नहीं है। अगर वह राजनीति खेल करना चाहते है तो बाहर खेलें।
- सविता टुटेजा, उपप्रधान नगर परिषद
कोट
नगर परिषद हमारा परिवार है, कोई लड़ाई नहीं है : प्रधान
नगर परिषद हमारा परिवार है और यहां किसी की आपस में लड़ाई नहीं है। पार्षद अपने हक के लिए बोलते है। नगर परिषद बहुत बड़ा परिवार है और उसमें छोटी-छोटी बातें होती रहती है। विजय सहारण स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर हैं और उन्हें अपने काम की तरफ ध्यान देना चाहिए।
- राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान नगर परिषद