रतिया के टोहाना रोड स्थित निजी अस्पताल में आठ वर्षीय बच्ची की मौत होने पर गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया। हंगामे के दौरान अस्पताल के मुख्य चिकित्सक के केबिन के दरवाजे के शीशे भी टूट गए। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के आने तक मृतका के परिजन शव को अस्पताल से लेकर चले गए। मृतक बच्ची के पिता प्रेम सिंह ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के सामने अस्पताल संचालक आरके सिंह ने आरोप लगाया कि मृतक बच्ची के पिता प्रेम सिंह और उसके परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ करते हुए स्टाफ सदस्यों के साथ हाथापाई करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस को सूचना दी गई तो उक्त तोड़फोड़ और हंगामा करने वाले लोग वहां से भाग गए।
अस्पताल संचालक आरके सिंह ने बताया कि रतिया निवासी प्रेम सिंह ने 3 अक्तूबर को अपनी आठ वर्षीय बेटी नवनीत कौर को अस्पताल में एडमिट करवाया था। नवनीत कौर को खून की कमी थी। उल्टी दस्त के साथ खून आने की बीमारी थी, जिसका इलाज किया जा रहा था। उन्होंने प्रेम सिंह को बेटी को कहीं बड़े शहर में ले जाकर दिखाने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने वहां ले जाकर इलाज करवाने में असमर्थतता जाहिर कर दी।
अस्पताल संचालक ने आरोप लगाया कि बच्ची के पिता ने अभी तक अस्पताल में किसी तरह का पैसा भी जमा नहीं करवाया। इसके बावजूद उन्होंने गंभीरता से बच्ची का इलाज किया, लेकिन शुक्रवार को नवनीत कौर ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतका के पिता प्रेम सिंह और उसके परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ करते हुए स्टाफ के साथ हाथापाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मृतक बच्ची के पिता टेलर का कार्य करने वाले वार्ड नंबर 7 निवासी प्रेम सिंह ने अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल चिकित्सकों की लापरवाही के चलते ही उसकी बेटी की जान गई है क्योंकि संचालक उन्हें इलाज और बीमारी की सही जानकारी नहीं दी और मात्र पैसे रखने के चक्कर में ही उसको दाखिल रखा।
रतिया शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर गई थी, लेकिन मौके पर मृतक बच्ची के परिजन नहीं थे। इसके चलते अस्पताल संचालक से पूरे मामले की जानकारी ली है। फिलहाल किसी पक्ष की शिकायत नहीं आई है, मामले की जांच जारी है। शिकायत आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।