फतेहाबाद। गांव ढिंगसरा स्थित बाबा मनसागर मंदिर में होली पर्व पर लगने वाले मेले के लिए रोडवेज ने यात्री सुविधाओं को दुरुस्त किया है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते मेले के दौरान 15 स्पेशल बसें चलाई जाएंगी, ताकि आवागमन सुचारु और व्यवस्थित तरीके से हो सके।
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि भट्टू रोड पर बने स्टैंड और भट्टू कलां बस स्टैंड से श्रद्धालुओं को ढिंगसरा मेला पार्क तक सीधी बस सेवा उपलब्ध होगी। बसें सुबह 7 बजे से शुरू होकर मेले के समापन तक निरंतर अंतराल पर चलेंगी। भीड़ के आधार पर बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की संख्या पूरी होने पर बस तुरंत मेले के लिए रवाना होगी।
फतेहाबाद से आने वाली बसें भट्टू कलां, नोहर, भादरा, चौपटा और आदमपुर मार्ग से होकर ढिंगसरा मंदिर तक पहुंचेंगी। वहीं वापसी के लिए मेला पार्क से सीधे फतेहाबाद और भट्टू कलां के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण और समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित करने के लिए स्टैंड पर विशेष निरीक्षकों की तैनाती की गई है।
रोडवेज अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय पर स्टैंड पर पहुंचें और बसों के क्रम में धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा करें। इस व्यवस्था से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को लंबी प्रतीक्षा और असुविधा से बचाव होगा। स्पेशल बस सेवा से न केवल मंदिर परिसर तक आवागमन आसान होगा, बल्कि फतेहाबाद और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा भी सुनिश्चित होगी।
-
दिवाली व होली पर लगता है विशेष मेला
गांव ढिंगसरा में स्थित बाबा मनसागर मंदिर में दिवाली व होली पर मेला लगता है। बाबा मनसागर मंदिर में क्षेत्र के हजारों लोगों की गहरी आस्था है। मेले के दौरान मंदिर परिसर में यहां पैर रखने की जगह नहीं होती। फतेहाबाद जिले के साथ लगा लगते जिलों व राजस्थान व पंजाब से भी श्रद्धालु मेले में पहुंचते हैं।
-
स्पेशल बस चलाने से आम जन के पैसों की भी होगी बचत
रोडवेज की ओर से स्पेशल बसें चलाने से आम जन को काफी फायदा मिलेगा। रोडवेज बस से मेले में जाने के लिए मात्र 10 रुपये किराया लगता है। वहीं ऑटो या ई-रिक्शा चालक 20 से 30 रुपये मेले तक जाने के लिए लेते हैं। इससे आमजन को आर्थिक फायदा मिलेगा।
-
जिला मुख्यालय से भट्टू कलां रूट पर 15 मिनट के बस चलती है, इसके अलावा सवारियों की संख्या को देखते हुए भट्टू स्टैंड से मेले को लेकर बसें चलाई जाएंगी।
- सुरेंद्र सिंह, यातायात प्रबंधक, रोडवेज फतेहाबाद।